अंकिता भंडारी हत्याकांड पर मचे बवाल में सुरेश राठौर का पलटवार, उर्मिला सनावर पर लगाए ब्लैकमेलिंग के आरोप; उर्मिला ने दिया चैलेंज
अंकिता भंडारी हत्याकांड पर मचे बवाल में सुरेश राठौर का पलटवार, उर्मिला सनावर पर लगाए ब्लैकमेलिंग के आरोप; उर्मिला ने दिया चैलेंज
हरिद्वार, 25 दिसंबर 2025: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वायरल ऑडियो-वीडियो पर चल रहे राजनीतिक विवाद में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर ने हरिद्वार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सफाई दी। उन्होंने अभिनेत्री उर्मिला सनावर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उर्मिला उन्हें ब्लैकमेल कर 50 लाख रुपये ऐंठ चुकी हैं, जिसके नाम पर मुंबई में फ्लैट खरीदने के लिए अपनी फैक्ट्री तक बेचनी पड़ी।
राठौर ने उर्मिला को कांग्रेस का ‘एजेंट’ और ‘टूल’ बताते हुए कहा कि यह पूरी साजिश कांग्रेस के इशारे पर हो रही है। उन्होंने उर्मिला और कांग्रेस नेताओं की कॉल डिटेल्स व मोबाइल की जांच की मांग की। पूर्व विधायक ने कहा, “उर्मिला मेरी छवि खराब करने और परिवार तोड़ने की कोशिश कर रही हैं। अगर वह सच में मेरी पत्नी हैं तो कोर्ट जाएं, सोशल मीडिया पर चरित्र हनन न करें।” उन्होंने वायरल ऑडियो को AI जनरेटेड और फर्जी बताया।
राठौर ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि वे खुद हर जांच के लिए तैयार हैं। अगर दोषी पाए गए तो जेल जाने को भी राजी हैं। उन्होंने उर्मिला की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि राज्य में बेहतर काम हो रहा है, लेकिन ऐसी साजिशें नेताओं की छवि खराब कर रही हैं।
वहीं, उर्मिला सनावर ने फेसबुक पोस्ट कर पलटवार किया। उन्होंने सुरेश राठौर से आरोप साबित करने की चुनौती दी और फ्लैट की रजिस्ट्री, लोन डिटेल्स व एड्रेस दिखाने को कहा। उर्मिला ने खुद को राठौर की पत्नी बताते हुए सभी दावों को खारिज किया।
इस विवाद से अंकिता भंडारी केस फिर सुर्खियों में है। कांग्रेस सीबीआई जांच की मांग कर रही है, जबकि भाजपा इसे साजिश बता रही है। दोनों के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में FIR दर्ज हो चुकी हैं। जांच जारी है और राजनीतिक गलियारों में हलचल मची हुई है।
