बैटिंग ऑर्डर में बदलाव पर तिलक वर्मा का खुलासा: ‘ओपनर्स को छोड़कर सभी फ्लेक्सिबल, हालात के हिसाब से फैसला’
बैटिंग ऑर्डर में बदलाव पर तिलक वर्मा का खुलासा: ‘ओपनर्स को छोड़कर सभी फ्लेक्सिबल, हालात के हिसाब से फैसला’
धर्मशाला: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चल रही 5 मैचों की टी20 सीरीज 1-1 से बराबर है। दूसरे मैच में 51 रनों की हार के बाद बैटिंग ऑर्डर में प्रयोगों पर सवाल उठे थे, खासकर अक्षर पटेल को नंबर-3 पर भेजने के फैसले पर। अब युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने इसकी वजह साफ कर दी है। तीसरे टी20 से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में तिलक ने कहा कि टीम ने टी20 में लचीला अप्रोच अपनाया है, जहां ओपनर्स को छोड़कर बाकी सभी बल्लेबाज किसी भी पोजीशन पर बैटिंग करने को तैयार हैं।
तिलक ने स्पष्ट किया, “ओपनर्स को छोड़कर सभी फ्लेक्सिबल हैं। मैं 3, 4, 5 या 6 पर बैटिंग करने को तैयार हूं। टीम को जो टैक्टिकली सही लगे, सभी उसके साथ जाते हैं।” उन्होंने अक्षर पटेल के प्रमोशन का बचाव करते हुए कहा कि यह स्थिति पर निर्भर करता है। “अक्षर ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भी ऊपर बैटिंग की थी और अच्छा प्रदर्शन किया था। एक-दो मैचों में प्लान फेल हो सकता है, लेकिन यह टीम के लिए फायदेमंद सोच है।”
कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव की रणनीति का समर्थन करते हुए तिलक ने जोर दिया कि मानसिक मजबूती से कोई भी नंबर पर सफल हुआ जा सकता है। “मेंटली स्ट्रॉन्ग रहो, तो किसी भी पोजीशन पर रन बना सकते हो। हम प्रैक्टिस में बेसिक्स पर फोकस करते हैं और टीम के लिए सोचते हैं।”
दूसरे मैच में तिलक ने 34 गेंदों पर 62 रन की लड़ाकू पारी खेली थी, लेकिन टीम हार गई। अब धर्मशाला में ठंड और ओस के बावजूद तिलक को हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद है। सीरीज में आगे बढ़ने के लिए टीम फ्लेक्सिबिलिटी पर भरोसा कर रही है।
