‘दो युवराजों ने झूठे…’, तेजस्वी-राहुल पर पीएम मोदी का तंज
‘दो युवराजों ने झूठे…’, तेजस्वी-राहुल पर पीएम मोदी का तंज
मुजफ्फरपुर में NDA रैली, भ्रष्टाचार व वादाखिलाफी पर तीखा प्रहार
मुजफ्फरपुर, 30 अक्टूबर। बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर की जनसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और RJD नेता तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने दोनों को ‘दो युवराज’ कहकर निशाना साधा और कहा कि इन्होंने ‘झूठे वादों की दुकान’ खोल रखी है।
पीएम मोदी ने कहा, “बिहार चुनाव में दो युवराज उतरे हैं। एक भारत के सबसे भ्रष्ट परिवार का युवराज है, दूसरा बिहार के सबसे भ्रष्ट परिवार का। दोनों हजारों करोड़ के घोटालों में जमानत पर हैं। ये मुझे भर-भर के गालियां देते हैं, लेकिन बिहार की जनता इनके झूठे वादों के जाल में नहीं फंसने वाली।” उन्होंने जनता से पूछा, “क्या आप इन जमानत पर आए युवराजों को बिहार लूटने देंगे?”
मोदी ने RJD-Congress गठबंधन पर ‘जंगलराज’ का आरोप लगाते हुए कहा कि ये छठी मइया का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने NDA सरकार के विकास कार्यों का जिक्र किया, जैसे एयरपोर्ट, हाईवे और बिजली। “मुजफ्फरपुर की मिठास पूरे देश में फैल रही है,” उन्होंने स्थानीय उत्पादों की तारीफ की।
रैली में भारी भीड़ जुटी। पीएम ने NDA की जीत का भरोसा जताया। RJD और कांग्रेस की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण प्रचार के निर्देश दिए हैं। वैशाली समेत कई जिलों में 6 नवंबर को मतदान है।
