राजनीति

तेजस्वी समर्थकों ने तेज प्रताप के काफिले पर पथराव किया

तेजस्वी समर्थकों ने तेज प्रताप के काफिले पर पथराव किया

महनार में RJD-JJD विवाद उफान पर, पुलिस ने संभाला मोर्चा

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच लालू परिवार की आपसी कलह बुधवार को महनार में खुलकर सामने आ गई। RJD के तेजस्वी यादव के समर्थकों ने JJD अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के काफिले पर पथराव कर दिया। घटना हीरानंद उच्च विद्यालय के पास हुई, जहां तेज प्रताप JJD उम्मीदवार जय सिंह राठौर के समर्थन में सभा कर लौट रहे थे।

घटना की शुरुआत सभा समाप्त होने के बाद हुई। RJD समर्थकों ने ‘तेजस्वी यादव जिंदाबाद’ और ‘लालटेन छाप जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए काफिले को घेर लिया। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। काफिले की कुछ गाड़ियों के शीशे टूट गए। तेज प्रताप की सुरक्षा में तैनात गार्डों ने उन्हें सुरक्षित निकाला और काफिला महुआ की ओर रवाना हुआ।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। वैशाली SP राकेश कुमार ने बताया, “दोनों पक्षों के बीच तनाव था। अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। कोई गंभीर चोट नहीं आई।” JJD उम्मीदवार जय सिंह राठौर ने इसे RJD उम्मीदवार रविंद्र सिंह की साजिश बताया। RJD की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

महनार और महुआ सीट पर लालू परिवार के दो बेटों की सीधी टक्कर है। तेज प्रताप JJD से महुआ से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि RJD ने महुआ में मुकेश रौशन को उतारा है। तेज प्रताप को RJD से निष्कासित किए जाने के बाद उन्होंने JJD बनाई थी।

चुनाव आयोग ने दोनों दलों को शांतिपूर्ण प्रचार की हिदायत दी है। वैशाली जिले में 6 नवंबर को मतदान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *