परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों पर सियासी घमासान तेज: पीएम मोदी ने साझा किया संबोधन का वीडियो, सदनों की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव
परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों पर सियासी घमासान तेज: पीएम मोदी ने साझा किया संबोधन का वीडियो, सदनों की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव
नई दिल्ली। संसद में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दर्शाने वाला एक पुराना संबोधन वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि सरकार ने ‘नारी शक्ति’ से किया वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है, और 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लोकसभा व राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने के लक्ष्य के साथ सोमवार से शुरू होने वाली संसद की विशेष बैठक में तीन विधेयक पेश किए जाने हैं।
सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि और 2051 तक व्यवस्था यथावत रखने का प्रस्ताव
केंद्र सरकार के प्रस्ताव के अनुसार, महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में लोकसभा और विधानसभाओं की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि करने का प्रावधान किया गया है, जिसके तहत लोकसभा की अधिकतम सीटें 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सीटें 650 करने की बात कही गई है। इसके साथ ही नए परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों के आवंटन को वर्ष 2051 तक यथावत रखने का प्रस्ताव भी शामिल है। संसद में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत परिसीमन आयोग के गठन, संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत सीमाओं के पुनर्निर्धारण तथा केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों में आवश्यक बदलाव के लिए एक अलग विधेयक लाने की तैयारी है।
दक्षिण के राज्यों की चिंताएं और विपक्ष के आरोप, ‘इंडिया’ ब्लॉक की बैठक
इस प्रस्तावित व्यवस्था को लेकर राजनीतिक हलकों में बहस तेज हो गई है। जहां दक्षिण भारतीय राज्यों में परिसीमन से संसद में प्रतिनिधित्व घटने को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है, वहीं कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने भाजपा पर महिला आरक्षण विधेयक की आड़ में परिसीमन विधेयक पारित कराने का आरोप लगाया है। इसी मुद्दे पर शनिवार को ‘इंडिया’ ब्लॉक की बैठक भी आयोजित हुई।

