CM Update Today: चैंपियनशिप ट्रॉफी की इनामी राशि बढ़ी, ग्राम पंचायतों में खेल क्लब; मंगलौर रैली में घोषणाएं, जनसुनवाई, गीत विमोचन और पवाणी अग्निकांड राहत कार्य
CM Update Today: चैंपियनशिप ट्रॉफी की इनामी राशि बढ़ी, ग्राम पंचायतों में खेल क्लब; मंगलौर रैली में घोषणाएं, जनसुनवाई, गीत विमोचन और पवाणी अग्निकांड राहत कार्य
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी’ की पुरस्कार राशि बढ़ाने को मंजूरी दी है। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार 400, 300 व 200 रुपये, विधानसभा स्तर पर 700, 500 व 400 रुपये, संसदीय क्षेत्र स्तर पर 1,000, 800 व 600 रुपये और राज्य स्तर पर 2,000, 1,500 व 1,000 रुपये किए गए हैं। ओवरऑल विजेता जनपद के मुख्यमंत्री कप की राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये की गई है। खेलों की संख्या 32 से 50 कर पारंपरिक खेल जोड़ने तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में ‘मुख्यमंत्री खेल क्लब’ गठित करने को भी स्वीकृति मिली है।
इसके साथ ही पीआरडी जवानों को होमगार्ड के समान मानदेय के लिए समिति गठन, आमवाला में मिनी स्टेडियम व अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र के लिए भूमि हस्तांतरण, सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ाने और चंपावत के ढकना बडोला में श्री ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
जनसुनवाई, गीत विमोचन और मंगलौर रैली की घोषणाएं
बुधवार को मुख्यसेवक सदन में सीएम धामी ने लोगों की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान के निर्देश दिए और ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत व पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने उत्तराखंड की विकास यात्रा पर आधारित गीत ‘बेटा हिमालय का’ भी जारी किया।
हरिद्वार के मंगलौर में जन आशीर्वाद रैली के दौरान सीएम ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज, गंगनहर पर बंद पुल के निर्माण, नारसन खुर्द में पक्के नाले, सराय राजवाहे की पटरी, सिलाखाला तटबंध और ब्रह्मपुर जट में सड़क निर्माण की घोषणा की। ट्यूबवेल बिजली बिल माफी पर परीक्षण और गन्ना मूल्य बढ़ाने पर शीघ्र निर्णय की बात कही गई, साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं व 36 हजार से अधिक सरकारी नौकरियों का ब्योरा रखा गया।
पवाणी अग्निकांड क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण और राहत कार्य
उत्तरकाशी की मोरी तहसील के पवाणी गांव में अग्निकांड के बाद आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने हेली सर्वेक्षण कर राहत कार्यों का जायजा लिया। मौके पर एसडीआरएफ, पुलिस, प्रशासन व अन्य विभागों की टीमें तैनात हैं, अस्थायी हेलीपैड व सामुदायिक किचन बनाया गया है और प्रभावित परिवारों को कंबल, टेंट, बर्तन, राशन व तिरपाल समेत आवश्यक राहत सामग्री वितरित की जा रही है।

