अलीनगर: भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता के खिलाफ जमीन विवाद में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, सरकारी रास्ते से हटाया गया अतिक्रमण
अलीनगर: भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता के खिलाफ जमीन विवाद में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, सरकारी रास्ते से हटाया गया अतिक्रमण
बिहार के अलीनगर से भाजपा विधायक और लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर तथा उनके पिता रमेश ठाकुर से जुड़े जमीन विवाद में प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। तारडीह प्रखंड के पोखरभिंडा गांव में ग्रामीणों की शिकायत पर डीसीएलआर और अंचलाधिकारी (CO) समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन की पैमाइश कराई और सरकारी रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर व अन्य माध्यमों से हटवा दिया।
ग्रामीणों ने लगाए थे गंभीर आरोप
पोखरभिंडा गांव के कई ग्रामीणों—भगवान मिश्र, गगन कुमार मिश्र, संतोष कुमार सिंह और अन्य ने प्रशासन से लिखित शिकायत की थी। ग्रामीणों का आरोप था कि विधायक के पिता रमेश ठाकुर ने घर के पास सरकारी सड़क, निजी जमीन, स्थानीय देवता ‘तिवारी बाबा स्थान’, राधा-कृष्ण मंदिर और सामूहिक श्राद्धस्थल की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है।
आईएनएस (IANS) से बातचीत करते हुए एक ग्रामीण ने आरोप लगाया कि जमीन खरीदने के बाद वहां मौजूद पीढ़ियों पुरानी सरकारी जमीन और श्मशान घाट (बाबा डिहवार स्थान) पर कब्जा कर रास्ता बना लिया गया, जिससे स्थानीय लोगों की धार्मिक और पारंपरिक आस्था को ठेस पहुंची है।
प्रशासन की पैमाइश और शुरुआती कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक टीम ने गांव पहुंचकर मापी (पैमाइश) की। शुरुआती जांच में सरकारी रास्ते पर पक्के निर्माण द्वारा अतिक्रमण किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से अतिक्रमण हटवा दिया।
मौके पर मौजूद डीसीएलआर अजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सरकारी रास्ते पर कब्जा पाया गया था, जिसे तुरंत मुक्त करा लिया गया है। वहीं, मंदिर और अन्य जमीनों से जुड़े मामलों में अधिकारियों ने बताया कि संबंधित स्थल मधुबनी जिले की सीमा के अंतर्गत आता है, इसलिए शिकायतकर्ताओं को मधुबनी जिला प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखने की सलाह दी गई है। इस मामले में अन्य दस्तावेजों और शिकायतों की जांच के लिए स्थानीय लोगों को अंचल कार्यालय बुलाया गया है, और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

