Sunday, November 15, 2026
Latest:
अन्तर्राष्ट्रीय

वियतनाम में सैन्य अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा: बख्तरबंद वाहन डूबने से 6 सैनिकों की मौत

वियतनाम में सैन्य अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा: बख्तरबंद वाहन डूबने से 6 सैनिकों की मौत

​वियतनाम में एक रूटीन सैन्य प्रशिक्षण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया है। उत्तरी बाक निन शहर स्थित टीबी1 नेशनल शूटिंग रेंज में अभ्यास के दौरान एक बख्तरबंद वाहन के डूबने से 6 सैनिकों की मौत हो गई। यह घटना गुरुवार को हुई थी, जिसकी आधिकारिक पुष्टि वियतनाम के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को की।

​कैसे हुआ हादसा?

रक्षा मंत्रालय के बयान के अनुसार, बिएन सोन कम्यून में गुरुवार सुबह करीब 8:25 बजे बीएमपी-1 (BMP-1) बख्तरबंद वाहन में अचानक कोई तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद वह पानी में डूब गया। इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी जवान 12वीं कोर, 308वीं डिवीजन की 102वीं रेजिमेंट से जुड़े थे। मृतकों में दो कॉर्पोरल (नायक) और चार सार्जेंट (हवलदार) रैंक के सैनिक शामिल हैं।

​सरकार ने किया ‘फादरलैंड्स रिकग्निशन’ सम्मान का ऐलान

वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शुक्रवार को एक आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए शहीद हुए सभी 6 सैनिकों को मरणोपरांत “फादरलैंड्स रिकग्निशन” (मातृभूमि की ओर से सम्मान) प्रमाण पत्र प्रदान करने की घोषणा की है।

​पहले भी हो चुके हैं ऐसे सैन्य हादसे

वियतनाम में प्रशिक्षण के दौरान सैन्य हादसों का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले दिसंबर 2024 में डोंग नाई प्रांत की एक फायरिंग रेंज में तूफान के दौरान बिजली गिरने से डेटोनेटर सक्रिय होने के कारण हुए विस्फोट में 12 सैनिक मारे गए थे। वहीं, जुलाई 2014 में भी राजधानी हनोई के पास एक सैन्य विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 16 जवानों की जान चली गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *