क्राइम और कॉमेडी का तड़का लगाने आ रही है ‘पुष्पक विमान’, एक साथ दिखेंगे अभिषेक बनर्जी, जयदीप अहलावत और बरुण सोबती
क्राइम और कॉमेडी का तड़का लगाने आ रही है ‘पुष्पक विमान’, एक साथ दिखेंगे अभिषेक बनर्जी, जयदीप अहलावत और बरुण सोबती
ओटीटी दर्शकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। बॉलीवुड और डिजिटल दुनिया के तीन दमदार कलाकार—अभिषेक बनर्जी, जयदीप अहलावत और बरुण सोबती जल्द ही नेटफ्लिक्स की नई सीरीज ‘पुष्पक विमान’ में एक साथ नजर आने वाले हैं। इस सीरीज को चर्चित लेखक-निर्माता सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने मिलकर बनाया और लिखा है।
गंभीर कहानियों के बाद सुदीप शर्मा का कॉमेडी प्रयोग
अब तक अपनी गंभीर और इंटेंस कहानियों के लिए पहचाने जाने वाले सुदीप शर्मा इस बार दर्शकों के लिए क्राइम और कॉमेडी का अनोखा मेल लेकर आ रहे हैं। सीरीज की कहानी कुछ अजीबोगरीब किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी जिंदगी में होने वाली सामान्य घटनाएं धीरे-धीरे एक अलग और मजेदार मोड़ ले लेती हैं। इस प्रोजेक्ट को लेकर सुदीप शर्मा ने कहा कि वे इस बार कुछ नया आजमाना चाहते थे और इस तरह के प्रयोग के लिए नेटफ्लिक्स सबसे बेहतरीन मंच है।
नेटफ्लिक्स की अगली बड़ी फ्रेंचाइजी
नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज हेड तान्या बामी ने भी इस घोषणा पर उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि ‘पुष्पक विमान’ सुदीप शर्मा के साथ नेटफ्लिक्स की अगली बड़ी फ्रेंचाइजी साबित होगी। उन्होंने सुदीप के कहानी कहने के अंदाज की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि मनोरंजन और सामाजिक मुद्दों की झलक दिखाने वाली यह सीरीज दर्शकों को खूब पसंद आएगी।
फिल्म स्क्वाड प्रोडक्शंस एलएलपी के बैनर तले बन रही यह सीरीज नेटफ्लिक्स के साथ अभिषेक बनर्जी का तीसरा प्रोजेक्ट है। इससे पहले वे ‘लस्ट स्टोरीज 3’ और ‘अनकही कहानियां’ में नजर आ चुके हैं। अब इन तीनों बेहतरीन अभिनेताओं की तिकड़ी को एक साथ पर्दे पर देखना दर्शकों के लिए बेहद दिलचस्प होने वाला है।

