यूट्यूबर अनुराग डोभाल की बढ़ी मुश्किलें: रायपुर थाने में घर में घुसकर मारपीट और धमकाने का एक और मुकदमा दर्ज
यूट्यूबर अनुराग डोभाल की बढ़ी मुश्किलें: रायपुर थाने में घर में घुसकर मारपीट और धमकाने का एक और मुकदमा दर्ज
देहरादून:
जेल में बंद प्रसिद्ध यूट्यूबर और ‘बिग बॉस’ फेम अनुराग डोभाल (UK 07 Rider) की कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। नेहरू कॉलोनी थाने के बाद अब उनके खिलाफ रायपुर थाने में भी एक और गंभीर मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने यूट्यूबर और उनके साथियों के खिलाफ घर में जबरन घुसकर मारपीट करने, हथियार दिखाकर धमकाने और डिजिटल डेटा चुराने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में घुसकर मारपीट और धमकाने का आरोप
शिकायतकर्ता आयुष थपलियाल ने रायपुर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि घटना 3 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे की है। उस समय वह अपने घर पर बीमार मां, छोटे भाई और मौसी के साथ मौजूद थे।
आरोप है कि अनुराग डोभाल अपने 5-6 साथियों के साथ जबरन उनके घर में घुस गए। पीड़ित के मुताबिक, अनुराग ने उनके बाल खींचे और थप्पड़ मारे, जबकि उनके एक साथी ने हाथ पकड़ लिए और दूसरे ने मोबाइल छीन लिया। जब परिवार के अन्य सदस्यों ने विरोध किया तो उन्हें भी डराया-धमकाया गया।
हथियार दिखाने और निजी डेटा चुराने का आरोप
पीड़ित ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि अनुराग के साथियों ने हथियार दिखाकर उन्हें चुप रहने की धमकी दी और पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
इसके अलावा, आरोपियों पर यह भी आरोप है कि उन्होंने दबाव बनाकर पीड़ित के मोबाइल फोन से निजी फोटो, वीडियो, कॉन्टैक्ट्स और सोशल मीडिया से जुड़ी जानकारियां अपने पास ट्रांसफर कर लीं। साथ ही, जबरन एक वीडियो शूट करवाकर उसे अनुराग के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट करने के लिए मजबूर किया गया। जाते वक्त आरोपी पीड़ित का ब्लूटूथ हेडसेट, रे-बैन का चश्मा, एक्सटर्नल हार्ड ड्राइव और आईफोन का मूल चार्जर भी अपने साथ ले गए। पीड़ित ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई है।
पुलिस की कार्रवाई
रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि पीड़ित आयुष थपलियाल की शिकायत के आधार पर अनुराग डोभाल और उनके साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 191(2), 333, 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और डिजिटल रिकॉर्ड्स की बारीकी से जांच कर रही है।
पहले से जेल में हैं अनुराग डोभाल
गौरतलब है कि यूट्यूबर अनुराग डोभाल को कुछ दिन पहले ही देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन पर नेहरू कॉलोनी थाने में अपने चचेरे साले के अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने 8 अक्टूबर को उन्हें उनके साथियों के साथ गिरफ्तार किया था। अब रायपुर थाने में नया मुकदमा दर्ज होने से उनकी मुश्किलें और अधिक बढ़ गई हैं।

