राष्ट्रीय

मेरठ का चर्चित ‘ब्लू ड्रम मर्डर केस’: दोषी मुस्कान और साहिल को अदालत ने सुनाई फांसी की सजा

मेरठ का चर्चित ‘ब्लू ड्रम मर्डर केस’: दोषी मुस्कान और साहिल को अदालत ने सुनाई फांसी की सजा

​मेरठ:

​चर्चित ‘ब्लू ड्रम मर्डर केस’ (सौरभ राजपूत हत्याकांड) में आज अदालत ने बहुप्रतीक्षित फैसला सुनाते हुए मुख्य आरोपी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल को फांसी की सजा सुनाई है। गत 30 सितंबर को अदालत ने दोनों आरोपियों को इस जघन्य हत्याकांड में दोषी करार दिया था, जिसके बाद आज सजा का ऐलान किया गया है।

​वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े दोषी

फैसला सुनाए जाने के दौरान दोषी मुस्कान और साहिल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत की कार्यवाही से जुड़े थे। इस दौरान कोर्ट रूम में मृतक सौरभ की मां और भाई बबलू भी मौजूद रहे। अदालत ने 126 दिनों की लंबी सुनवाई और सभी साक्ष्यों की गहन जांच के बाद यह फैसला सुनाया।

​अभियोजन पक्ष के वकील के अनुसार, न्यायाधीश ने महाभारत के प्रसंगों का हवाला देते हुए टिप्पणी की कि न्यायालय अपना कार्य निष्पक्षता से करेगा। बचाव पक्ष की ओर से राहत के लिए काफी प्रयास किए गए, लेकिन सबूतों और साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने इसे दुर्लभ से दुर्लभतम अपराध (Rarest of Rare Case) मानते हुए मौत की सजा मुकर्रर की। सुनवाई के दौरान अदालत के बाहर मौजूद वकीलों और आम लोगों ने भी कानून के इस फैसले को न्यायसंगत बताया।

​मुस्कान के परिवार ने किया था किनारा

खास बात यह रही कि फैसले से ठीक पहले सुबह मुस्कान के माता-पिता ने अदालत में लिखित रूप से बयान दिया था कि मृतक सौरभ एक अच्छा लड़का था और उसकी बहुत बेरहमी से हत्या की गई है। उन्होंने कहा था कि यदि दोषी मुस्कान को फांसी की सजा भी दी जाती है, तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी और उनका अब आरोपियों से कोई लेना-देना नहीं है। उल्लेखनीय है कि पूरी कानूनी प्रक्रिया के दौरान मुस्कान के परिवार का कोई भी सदस्य उससे मिलने जेल नहीं गया था।

​क्या था पूरा मामला?

ज्ञात हो कि 3 मार्च 2025 को मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने पति सौरभ राजपूत की बेरहमी से हत्या कर दी थी और साक्ष्य छुपाने के लिए उसके शव को एक नीले ड्रम में भरकर सीमेंट से सील कर दिया था। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि इस प्रकार के जघन्य अपराध समाज में भय का माहौल पैदा करते हैं, इसलिए अपराधियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो समाज के लिए एक कड़ा संदेश बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *