उत्तराखंड

देहरादून में महिला को कार में बैठाने की कोशिश का खुलासा, हरिद्वार लूट से भी जुड़े तार

देहरादून में महिला को कार में बैठाने की कोशिश का खुलासा, हरिद्वार लूट से भी जुड़े तार

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में सहस्रधारा रोड स्थित नालापानी चौक के पास महिला को जबरन कार में बैठाने के प्रयास के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके चार अन्य साथियों की तलाश जारी है। पूछताछ में सामने आया कि डेयरी के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के चलते महिला को डराने की योजना बनाई गई थी।

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर की सुबह करीब 6:50 बजे कानन कुंज निवासी सुषमा वर्मा ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि नालापानी चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। मामले की जांच के लिए रायपुर थाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम बनाई गई।

सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल एक युवती की पहचान की। शनिवार को पुलिस ने सहस्रधारा रोड से 19 वर्षीय चाहत उर्फ अन्नू को गिरफ्तार कर लिया।

7.50 लाख रुपये में डेयरी का सौदा

पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि वह दीपक पासवान को करीब दो साल से जानती है। दोनों कारोबार शुरू करना चाहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात सुषमा वर्मा से हुई और अठूरवाला-भानियावाला स्थित 20 गायों वाली डेयरी का सौदा 7.50 लाख रुपये में तय हुआ। इसके लिए 5 लाख रुपये नकद और 2.50 लाख रुपये का चेक दिया गया।

आरोपियों के अनुसार, उन्हें डेयरी से रोजाना करीब 150 लीटर दूध मिलने की जानकारी दी गई थी, लेकिन बाद में दूध का उत्पादन कम निकला। इसके बाद उन्होंने सुषमा से रकम वापस मांगी और इसी को लेकर विवाद बढ़ गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने महिला को डराने की योजना बनाई और कारगी चौक के पास से काले रंग की स्विफ्ट कार किराये पर ली। 23 सितंबर की सुबह दीपक, आदित्य और लक्की कार से सहस्रधारा पहुंचे। महिला के शोर मचाने और आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

एसपी देहात जया बलूनी के मुताबिक, मामले में दीपक, सुशांत उर्फ लक्की, आदित्य वशिष्ठ और प्रियांशु फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

हरिद्वार में तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल लूट

इसी मामले से जुड़े तार हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में हुई लूट की वारदात से भी सामने आए हैं। पुलिस ने तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल लूटने के आरोप में दीपक और आकाश नाम के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों देहरादून में महिला को जबरन कार में बैठाने के प्रयास के मामले में भी शामिल थे।

सिडकुल कोतवाली प्रभारी अजय शाह ने बताया कि 24 सितंबर को अन्नेकी हेतमपुर निवासी पंकज कुमार बाइक से शिवालिक नगर की ओर जा रहे थे। रानीपुर रो नदी के पास चार युवकों ने तमंचे के बल पर उनकी पल्सर बाइक और मोबाइल लूट लिया था। शिकायत के आधार पर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से पुलिस ने दीपक और आकाश को नवोदय स्कूल के सामने पीठ मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार, एक आरसी, आधार कार्ड, पर्स और 1,000 रुपये बरामद किए गए हैं।

देहरादून में अपहरण का प्रयास, अगले दिन हरिद्वार में लूट

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 23 सितंबर को रायपुर में महिला को जबरन कार में बैठाने के प्रयास में शामिल थे। इसके बाद गिरफ्तारी के डर से वे हरिद्वार चले गए। अगले दिन पैसों की कमी होने पर दीपक और उसके तीन साथियों ने पेंटागन मॉल के पीछे नदी के पास शराब पी।

इसके बाद उन्होंने नदी किनारे कच्चे रास्ते से गुजर रहे एक बाइक सवार को रोककर तमंचे के बल पर बाइक, मोबाइल और पर्स लूट लिया। पुलिस के मुताबिक, दो अन्य आरोपी बाइक और मोबाइल बेचने के लिए गए थे, लेकिन उनके लौटने से पहले ही दीपक और आकाश को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अब दोनों मामलों में फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *