कुंभ मेला-2027: तैयारियों का जायजा लेने हरिद्वार पहुंचे मुख्य सचिव, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता के सख्त निर्देश
कुंभ मेला-2027: तैयारियों का जायजा लेने हरिद्वार पहुंचे मुख्य सचिव, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता के सख्त निर्देश
हरिद्वार (10 सितंबर 2026): कुंभ मेला-2027 की जमीनी तैयारियों का मूल्यांकन करने के लिए उत्तराखण्ड शासन के मुख्य सचिव श्री आनंद वर्द्धन ने गुरुवार को हरिद्वार के विभिन्न निर्माण स्थलों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ अरबेनिया वाहन में बैठकर रोड़ी-बेलवाला से लेकर रोशनाबाद, कनखल, दक्षद्वीप, बैरागी कैंप और सीसीआर टावर तक विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समय सीमा का प्रत्यक्ष जायजा लिया।
प्रमुख निरीक्षण एवं दिए गए मुख्य निर्देश
रोड़ी-बेलवाला एवं हरकी पैड़ी पुनर्विकास:
मुख्य सचिव ने यूआईआईडीबी की प्रशासनिक मार्ग परियोजना (स्वीकृत राशि: ₹4,325.14 लाख) और हरकी पैड़ी रिवाइटलाइजेशन कार्य (स्वीकृत राशि: ₹6,677.21 लाख) का जायजा लिया।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए उच्च स्तरीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा 5 वर्ष बाद इन परिसंपत्तियों के स्थायी रखरखाव की योजना अभी से तैयार करने के निर्देश दिए।
घाटों का पुनर्निर्माण एवं सड़क नवीनीकरण:
हाथीपुल से अलकनंदा के मध्य घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु मजबूत रेलिंग, चेन और सुगम पैदल मार्ग बनाने को कहा।
ऋषिकुल क्षेत्र में ओल्ड दिल्ली-नीतिपास मार्ग व आंतरिक सड़कों के नवीनीकरण कार्य (स्वीकृत राशि: ₹2,164.49 लाख) का निरीक्षण किया और सड़क किनारे पौधरोपण का सुझाव दिया।
शिवमूर्ति, शंकर आश्रम और भगत सिंह चौक के सुधार तथा पैदल फुटपाथ कार्य (स्वीकृत राशि: ₹683.60 लाख) को सुरक्षित आवागमन के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य एवं अवसंरचना परियोजनाएं:
रोशनाबाद में निर्माणाधीन ड्रग वेयरहाउस (स्वीकृत राशि: ₹251.98 लाख) तथा बैरागी क्षेत्र में 60 मीटर स्पान के पुल (स्वीकृत राशि: ₹1,246.09 लाख) का निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निर्माण पर बल दिया।
सीसीआर-2 भवन को कुंभ से पहले पूरा करने के लिए आवश्यकतानुसार दिन-रात काम कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक एवं गुणवत्ता नियंत्रण
स्थलीय निरीक्षण के पश्चात मुख्य सचिव ने डाम कोठी में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की:
थर्ड पार्टी क्वालिटी चेकिंग: निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच के लिए नियुक्त एजेंसियों—TUV SUD, Quality Austria और Bureau Veritas—के प्रतिनिधियों से प्रगति की जानकारी ली और सख्ती से निरीक्षण करने के आदेश दिए।
मल्टी-लेवल सुरक्षा एवं ऑडिट: मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बताया कि कुंभ क्षेत्र के पुलों का सुरक्षा ऑडिट पूरा हो चुका है और IIT रुड़की से भी जांच का आग्रह किया गया है। सीसीआर-2 भवन की गुणवत्ता जांच CBRI (केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान) से भी कराई जा रही है।
भीड़ प्रबंधन व ट्रैफिक प्लान: एनएच निर्माण से प्रभावित पार्किंग स्थलों, वैकल्पिक डायवर्जन मार्गों और भीड़ नियंत्रण के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
