राजनीति

सांसद पप्पू यादव ने खत्म कराया 6 साल के बच्चे ‘आदित्य’ का धरना; न्याय दिलाने का दिया आश्वासन

सांसद पप्पू यादव ने खत्म कराया 6 साल के बच्चे ‘आदित्य’ का धरना; न्याय दिलाने का दिया आश्वासन

​पटना: बिहार की राजधानी पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर बीते कई दिनों से अपने माता-पिता के सम्मान और न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठे 6 साल के मासूम बच्चे ‘आदित्य’ का धरना पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने मंगलवार को समाप्त करा दिया। पप्पू यादव सोमवार देर रात ही गर्दनीबाग पहुंचे थे, जहां उन्होंने बच्चे और उसके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

​सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीरें, कंधे पर बैठाया

​सांसद पप्पू यादव ने खुद इस पूरी घटना की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दी। उन्होंने आदित्य के साथ अपनी कई तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें से एक फोटो में वह मासूम आदित्य को अपने कंधे पर बिठाए नजर आ रहे हैं।

​पप्पू यादव ने पोस्ट में लिखा:

​”देर रात पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर छह वर्षीय आदित्य अपने माता-पिता के सम्मान और न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठा था। छात्र आंदोलन के दौरान आदित्य की गिरफ्तारी और उसके बाद उसके माता-पिता के साथ पुलिस के कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। हमने धरना स्थल पर पहुंचकर उन्हें भरोसा दिलाया कि इस मामले को उचित मंचों पर मजबूती से उठाया जाएगा। हमारे आश्वासन के बाद आदित्य ने धरना समाप्त किया।”

​उन्होंने कहा कि न्याय और सम्मान की इस लड़ाई को लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

​”यह मेरी हार नहीं है”— आदित्य

​धरना खत्म होने के बाद 6 वर्षीय आदित्य ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि धरना समाप्त करना उसकी हार नहीं है। उसने बताया कि सांसद पप्पू यादव ने उसकी मांगों को पूरा कराने और न्याय दिलाने का पूरा आश्वासन दिया है।

​BPSC आंदोलन से चर्चा में आया था आदित्य

​गौरतलब है कि 25 अगस्त को बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के खिलाफ शिक्षक भर्ती परीक्षा को एक ही शिफ्ट में आयोजित कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ था। इस दौरान हुए छात्र आंदोलन में आदित्य अपने माता-पिता के साथ शामिल हुआ था। प्रदर्शन के दौरान आदित्य की गिरफ्तारी और पुलिसिया कार्रवाई के बाद से वह लगातार सोशल मीडिया पर वायरल था और इंटरनेट सनसनी बन चुका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *