शामली में हरियाणवी सिंगर-एक्टर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने लगाया जाम
शामली में हरियाणवी सिंगर-एक्टर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने लगाया जाम
शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले से हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम जिम से वर्कआउट कर स्कॉर्पियो से घर लौट रहे अंकित बालियान पर बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना में उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।
जिम से निकलते ही किया हमला
बताया जा रहा है कि अंकित बालियान शामली सदर कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी स्थित एक जिम से वर्कआउट के बाद अपने साथी के साथ स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए हमलावरों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाया और फायरिंग कर मौके से फरार हो गए।
घटना सदर कोतवाली से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
परिजनों ने पानीपत-खटीमा हाईवे पर लगाया जाम
अंकित बालियान की हत्या की सूचना मिलने के बाद उनके परिजनों और समर्थकों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने शव को वर्मा मार्केट के सामने रखकर पानीपत-खटीमा हाईवे पर जाम लगा दिया।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
कौन थे अंकित बालियान?
अंकित बालियान शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले बताए जाते हैं। वह हरियाणा के रोहतक और सोनीपत में रहकर सिंगर और एक्टर के तौर पर काम करते थे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में उनकी अच्छी-खासी पहचान थी।
बताया जा रहा है कि अंकित आगामी जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे।
हरियाणा के विवाद के एंगल से भी जांच
शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के मुताबिक, पुलिस को घटना की सूचना शाम करीब 7 बजे मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में हमलावर दो बाइकों पर आने की बात सामने आई है। पुलिस हरियाणा से जुड़े किसी पुराने विवाद के एंगल की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है और वारदात के पीछे की वजह तथा हमलावरों की पहचान का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर काम किया जा रहा है।
