उर्मिला सनावर के खिलाफ सोशल मीडिया टिप्पणी मामले में मुकदमा दर्ज
उर्मिला सनावर के खिलाफ सोशल मीडिया टिप्पणी मामले में मुकदमा दर्ज
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के नाम के खुलासे को लेकर चर्चा में आईं उर्मिला सनावर की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। भाजपा नेत्री आरती गौड़ के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप
आरती गौड़ ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया के जरिए उनके खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों और टिप्पणियों का इस्तेमाल किया। शिकायत में सोशल मीडिया टिप्पणियों से परेशान होने और आत्महत्या करने की बात का भी उल्लेख किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट, टिप्पणियों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।
पहले से दर्ज हैं चार मुकदमे
पुलिस के अनुसार, उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून और हरिद्वार में पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौजूदा मामला पिछली घटनाओं से अलग है और इसकी जांच स्वतंत्र रूप से की जा रही है।
नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल के मुताबिक, शिकायत में महिलाओं और शिकायतकर्ता के प्रति सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है। पुलिस डिजिटल कंटेंट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
