उत्तराखंड

शादी के तीन महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

शादी के तीन महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

हरिद्वार: भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिरचंदी गांव में शादी के करीब तीन महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।

शादी के तीन महीने बाद हुई मौत

जानकारी के मुताबिक, सिरचंदी गांव निवासी युवती की शादी करीब तीन महीने पहले भगवानपुर क्षेत्र के ही सिसौना गांव निवासी युवक से हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी उनकी पसंद और परिवारों की सहमति से रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही विवाहिता की अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे। उन्होंने विवाहिता की मौत पर सवाल उठाते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया और पुलिस को सूचना दी।

पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार को लेकर विवाद

सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल भेज दिया।

पोस्टमार्टम के बाद शव के अंतिम संस्कार को लेकर मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्ष शव का अंतिम संस्कार अपने-अपने यहां करने की बात पर अड़ गए। देखते ही देखते मोर्चरी के बाहर दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी और आरोप-प्रत्यारोप होने लगे।

बाद में मायके पक्ष के लोग शव को अपने साथ ले गए और अंतिम संस्कार किया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

भगवानपुर थाना प्रभारी रितेश शाह के मुताबिक, अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

विवाहिता की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *