मनोरंजन

तापसी पन्नू की ‘गांधारी’ का ऐलान, 3 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर होगी रिलीज

तापसी पन्नू की ‘गांधारी’ का ऐलान, 3 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर होगी रिलीज

नेटफ्लिक्स ने तापसी पन्नू की अगली फिल्म ‘गांधारी’ का ऐलान कर दिया है। एक्शन और इमोशन से भरपूर इस थ्रिलर में तापसी एक ऐसी मां का किरदार निभा रही हैं, जो अपनी लापता बेटी को खोजने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। फिल्म का पहला पोस्टर भी सामने आ गया है, जिसमें तापसी का बेहद दमदार अंदाज देखने को मिल रहा है।

पोस्टर में दिखी रहस्यमयी झलक

‘गांधारी’ के पोस्टर में तापसी पन्नू को एक मजबूत और गुस्से से भरी महिला के रूप में दिखाया गया है। उनके पीछे देवी की छाया नजर आती है, जो कहानी में मां, शक्ति और प्रतिशोध के पहलुओं की ओर इशारा करती है। पोस्टर में उनके अलावा चार अन्य किरदारों की झलक भी देखने को मिलती है।

नेटफ्लिक्स इंडिया ने पोस्टर शेयर करते हुए बताया कि ‘गांधारी’ 3 सितंबर 2026 को प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी।

बेटी की तलाश में मां की जंग

फिल्म में तापसी बनी नाम की महिला का किरदार निभा रही हैं। उसकी बेटी लापता है और उसे वापस पाने के लिए बनी हर मुश्किल का सामना करने को तैयार है। कहानी एक मां की उस भावनात्मक लड़ाई को सामने लाती है, जहां अपने बच्चे की सुरक्षा के लिए वह अपनी सीमाएं तक पार करने का फैसला करती है।

फिल्म का निर्देशन देवाशीष मखीजा ने किया है, जबकि इसकी कहानी और निर्माण की जिम्मेदारी कनिका ढिल्लों ने संभाली है। तापसी और कनिका इससे पहले ‘फिर आई हसीन दिलरुबा’ में साथ काम कर चुकी हैं।

ये कलाकार भी आएंगे नजर

तापसी पन्नू के साथ फिल्म में इश्वाक सिंह, छाया कदम, स्वास्तिका मुखर्जी, मीता वशिष्ठ और जतिन सरना अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म को एक इमोशनल कहानी के साथ एक्शन और सस्पेंस का मिश्रण बताया जा रहा है।

कनिका ढिल्लों ने बताया खास क्यों है प्रोजेक्ट

कनिका ढिल्लों के मुताबिक, ‘गांधारी’ एक ऐसी महिला की कहानी है जो मुश्किल परिस्थितियों के सामने झुकने से इनकार कर देती है। उन्होंने बनी के सफर को बेहद निजी और भावनात्मक बताया।

तापसी के साथ दोबारा काम करने को लेकर भी कनिका ने उत्साह जाहिर किया और दोनों के बीच मजबूत क्रिएटिव बॉन्ड को इस फिल्म के लिए खास बताया।

‘गांधारी’ 3 सितंबर 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *