मनोरंजन

‘कुछ हीरो पैदा होते हैं, कुछ ट्रेनिंग लेते हैं… और कुछ किडनैप हो जाते हैं!’ रिलीज हुआ ‘वाइब’ का मजेदार टीजर

‘कुछ हीरो पैदा होते हैं, कुछ ट्रेनिंग लेते हैं… और कुछ किडनैप हो जाते हैं!’ रिलीज हुआ ‘वाइब’ का मजेदार टीजर

अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने कुणाल खेमू की अपकमिंग फिल्म ‘वाइब’ का टीजर जारी कर दिया है। टीजर से साफ है कि फिल्म में एक्शन, कॉमेडी और भरपूर अफरा-तफरी का तड़का देखने को मिलेगा। कहानी दो ऐसे आम दोस्तों की है, जो अचानक एक ऐसे मिशन का हिस्सा बन जाते हैं, जिसके लिए वे बिल्कुल तैयार नहीं हैं।

अनजाने में बनेंगे देश के हीरो

फिल्म में कुणाल खेमू हार्दिक और स्पर्श श्रीवास्तव बग्स के किरदार में नजर आएंगे। दोनों की जिंदगी तब पूरी तरह बदल जाती है, जब देश पर मंडराते खतरे के बीच उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी संभालनी पड़ती है।

खास बात यह है कि दोनों न तो खुद को हीरो समझते हैं और न ही इस जिम्मेदारी को लेने के लिए तैयार हैं। लेकिन हालात उन्हें ऐसा करने पर मजबूर कर देते हैं।

प्रीति जिंटा का दिखा दमदार अंदाज

टीजर में प्रीति जिंटा भी एक बेहद कॉन्फिडेंट और प्रभावशाली किरदार में नजर आती हैं। उनके किरदार के इशारे पर हार्दिक और बग्स लगातार मुश्किल परिस्थितियों में फंसते दिखाई देते हैं।

प्रीति का बॉस-लेडी वाला अंदाज टीजर की खास झलकियों में से एक है। हालांकि उनके किरदार और मिशन से जुड़ी कई बातें अभी पर्दे के पीछे रखी गई हैं।

कार चेज से लेकर कॉमेडी तक

टीजर में तेज रफ्तार कार चेज, एक्शन सीक्वेंस और कई मजेदार परिस्थितियां दिखाई गई हैं। फिल्म का ट्रीटमेंट ऐसा नजर आ रहा है, जहां गंभीर मिशन के बीच दोनों अनाड़ी हीरो अपनी हरकतों से लगातार नई मुसीबत खड़ी करते हैं।

फिल्म का टैगलाइन भी इसी अंदाज को बयां करता है—कुछ हीरो पैदा होते हैं, कुछ ट्रेनिंग लेते हैं और कुछ किडनैप हो जाते हैं।

कुणाल खेमू ने संभाली कई जिम्मेदारियां

‘वाइब’ को कुणाल खेमू ने लिखने के साथ-साथ निर्देशित भी किया है। फिल्म का निर्माण कुणाल खेमू और चिराग निहलानी ने ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले किया है।

फिल्म में कुणाल खेमू, प्रीति जिंटा और स्पर्श श्रीवास्तव के अलावा डेब्यू कर रहीं वंशिका धीर मुख्य भूमिका में हैं। वहीं दिनेश लाल यादव और यशपाल शर्मा भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे।

‘वाइब’ 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *