राष्ट्रीय

लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत; कई घायल

लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत; कई घायल

बिहार के लखीसराय जिले के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। सुबह अचानक भीड़ बढ़ने के बाद मंदिर परिसर में भगदड़ मच गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं।

लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, सुबह करीब 6:30 बजे के बाद मंदिर में भीड़ तेजी से बढ़ी। इसी दौरान श्रद्धालुओं के आगे निकलने की कोशिश में बैरिकेडिंग टूट गई और अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासन ने तुरंत राहत-बचाव शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

वहीं, SDPO शिवम कुमार के अनुसार, घटना की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं है। एक बिजली का खंभा गिरने और लोगों के करंट की चपेट में आने की बात भी सामने आई है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

सावन के तीसरे सोमवार के कारण मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। बताया गया कि एक साथ दो ट्रेनें आने के बाद मंदिर पहुंचने वाली भीड़ अचानक बढ़ गई थी।

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने का ऐलान किया है। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *