राहुल गांधी ने हेमंत सोरेन को लिखा पत्र, छात्रों की मांगों पर ध्यान देने की अपील
राहुल गांधी ने हेमंत सोरेन को लिखा पत्र, छात्रों की मांगों पर ध्यान देने की अपील
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर रांची में चल रहे छात्रों के आंदोलन पर ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रदर्शनकारी छात्रों के प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करने और उनकी बाकी मांगों के समाधान के लिए उचित कदम उठाने का आग्रह किया।
राहुल गांधी ने पत्र में कहा कि शांतिपूर्ण विरोध लोकतंत्र का अहम हिस्सा है और कांग्रेस ने पेपर लीक व शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में छात्र भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और उनकी मांगें जायज हैं। राहुल ने सरकार की ओर से छात्रों से बातचीत शुरू किए जाने की भी सराहना की।
राहुल गांधी के मुताबिक, छात्रों की कई मांगों पर सहमति बनने के बावजूद आंदोलन जारी है और कुछ छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने हेमंत सोरेन से छात्रों से सीधे मुलाकात कर उनकी बाकी चिंताओं को दूर करने की अपील की।
इस बीच, 16 अगस्त को प्रदर्शनकारियों द्वारा हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के पुतले जलाए जाने के बाद झारखंड सरकार ने छात्रों को दोबारा बातचीत के लिए बुलाया है। छात्रों और सरकार के बीच 17 अगस्त को दोपहर 2 बजे बैठक प्रस्तावित है।
