एयर इंडिया के दो और पायलट शुरुआती ड्रग टेस्ट में फेल, ड्यूटी से हटाए गए
एयर इंडिया के दो और पायलट शुरुआती ड्रग टेस्ट में फेल, ड्यूटी से हटाए गए
फुकेत-दिल्ली फ्लाइट में हुई घटना के बाद एयर इंडिया ने अपने सभी पायलटों की ड्रग टेस्टिंग शुरू की है। इसी जांच के दौरान दो और पायलट शुरुआती टेस्ट में पास नहीं हो सके हैं। हालांकि, दोनों के फाइनल टेस्ट के नतीजे अभी आने बाकी हैं। तब तक उन्हें ड्यूटी से हटा दिया गया है।
एयर इंडिया ने नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत पायलटों की जांच कराई है। अब तक 300 से ज्यादा पायलटों का टेस्ट हो चुका है। सूत्रों के मुताबिक, फाइनल रिपोर्ट आने में आमतौर पर 24 से 48 घंटे लगते हैं।
यह कार्रवाई 4 अगस्त को फुकेत-दिल्ली उड़ान AI2379 में हुई टर्बुलेंस की घटना के बाद तेज की गई। इस दौरान विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया था और करीब 24 यात्री घायल हुए थे। घटना के बाद विमान के पायलट-इन-कमांड का डोप टेस्ट पॉजिटिव आया था।
DGCA के नियमों के तहत ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने वाले विमानन कर्मी के खिलाफ निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जाती है। दोबारा पॉजिटिव पाए जाने पर लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है, जबकि तीसरी बार उल्लंघन पर लाइसेंस रद्द करने का प्रावधान है।
फिलहाल इन दोनों पायलटों के मामले में फाइनल टेस्ट रिपोर्ट का इंतजार है।
