राजनीति

वंदे मातरम् विवाद: कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कई जगह शिकायत, बीजेपी ने लगाए अपमान के आरोप

वंदे मातरम् विवाद: कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कई जगह शिकायत, बीजेपी ने लगाए अपमान के आरोप

‘वंदे मातरम्’ को लेकर जारी विवाद अब पुलिस शिकायतों तक पहुंच गया है। ओडिशा में बीजेपी युवा मोर्चा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ भुवनेश्वर के खारवेल नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। दिल्ली में भी सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।

बीजेपी का आरोप है कि 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के गायन में कथित तौर पर बाधा डाली गई और इसका अपमान हुआ। शिकायतकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वहीं कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को खारिज किया है। पार्टी का कहना है कि ‘वंदे मातरम्’ का गायन रोकने की कोई कोशिश नहीं हुई थी। कांग्रेस के मुताबिक, सोनिया गांधी केवल मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी मांग रही थीं, क्योंकि वह काफी देर से खड़े थे।

इस विवाद के बीच बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भुवनेश्वर में कांग्रेस भवन तक मौन जुलूस भी निकाला। बीजेपी नेताओं का कहना है कि कांग्रेस नेताओं के कथित व्यवहार से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में संसद ने ‘राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026’ पारित किया है। इसके तहत ‘वंदे मातरम्’ को ‘जन गण मन’ के बराबर दर्जा देने और इसके अपमान को दंडनीय बनाने का प्रावधान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *