राष्ट्रीय

तारापीठ के होटल में भीषण आग, 8 लोगों की मौत; मालिक हिरासत में

तारापीठ के होटल में भीषण आग, 8 लोगों की मौत; मालिक हिरासत में

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारापीठ में सोमवार तड़के एक होटल में भीषण आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। होटल मंदिर के पास स्थित था और घटना के वक्त बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां ठहरे हुए थे।

पुलिस के मुताबिक, होटल से कुल 43 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें 9 लोगों को अस्पताल ले जाया गया। इनमें से 8 को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक व्यक्ति का इलाज जारी है।

शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। आग ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई और धुआं ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया। कई लोग कमरों में फंस गए थे।

जांच में होटल के पीछे मौजूद आपातकालीन निकास का दरवाजा बंद मिलने की बात सामने आई है। छत की ओर जाने वाली सीढ़ियां भी बंद थीं। पुलिस और दमकल विभाग अब होटल में अग्नि सुरक्षा नियमों के पालन की जांच कर रहे हैं।

हादसे के बाद होटल मालिक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मृतकों में मेघालय के एक ही परिवार के पांच सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें दो बच्चे थे। अधिकारियों ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *