नीट UG पेपर लीक केस: CBI ने 13 आरोपियों के खिलाफ राउज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल की 20 हजार पन्नों की चार्जशीट
नीट UG पेपर लीक केस: CBI ने 13 आरोपियों के खिलाफ राउज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल की 20 हजार पन्नों की चार्जशीट
नई दिल्ली:
नीट-यूजी (NEET-UG) पेपर लीक मामले की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ा कदम उठाते हुए राउज एवेन्यू कोर्ट में 13 आरोपियों के खिलाफ लगभग 20 हजार पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल की है। मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने चार्जशीट को रिकॉर्ड पर ले लिया है। सीबीआई ने अदालत को सूचित किया कि चार्जशीट से जुड़े एनेक्सचर दस्तावेजों की स्कैनिंग प्रक्रिया जारी है, जिन्हें जल्द ही जमा कर दिया जाएगा। मामले की अगली सुनवाई अब 3 अगस्त को होगी।
NTA विशेषज्ञों और कोचिंग संचालकों समेत 13 आरोपी न्यायिक हिरासत में:
सीबीआई द्वारा दायर आरोप पत्र में एनटीए (NTA) से जुड़े तीन विषय विशेषज्ञों (फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी) के साथ-साथ कोचिंग संस्थानों के संचालकों और बिचौलियों को नामजद किया गया है। सभी 13 आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। इन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और सबूत मिटाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
360 गवाह और 92 ठिकानों पर छापेमारी बनी जांच का आधार:
सीबीआई ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली सहित देशभर में 92 स्थानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान 72 अधिकारियों और 8 साइबर फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीमों ने डिजिटल साक्ष्य और दस्तावेज जब्त किए। चार्जशीट में 360 गवाहों के बयान, 422 दस्तावेज और 43 भौतिक साक्ष्य शामिल हैं। डिजिटल फोरेंसिक और हैंडराइटिंग एक्सपर्ट्स की जांच से यह पक्का हुआ है कि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र का कुछ हिस्सा लीक किया गया था।
बैंक खाते और लॉकर फ्रीज, मनी ट्रेल का हुआ खुलासा:
आर्थिक लेनदेन की जांच करते हुए सीबीआई ने आरोपियों से जुड़े कई बैंक खातों, लॉकरों और एक डीमैट खाते को फ्रीज कर दिया है। सीबीआई का दावा है कि उसने पेपर लीक करने वालों से लेकर इसका अनुचित लाभ उठाने वाले पूरे सिंडिकेट और नेटवर्क की श्रृंखला को क्रैक कर लिया है। मामले की अगली सुनवाई में आगे की जांच प्रगति पर चर्चा की जाएगी।
