खेल

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: भारतीय मुक्केबाज जादुमणि सिंह ने पाकिस्तान के सुमामा रहमान को 5-0 से धोया, कारगिल के शहीदों को समर्पित की जीत

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: भारतीय मुक्केबाज जादुमणि सिंह ने पाकिस्तान के सुमामा रहमान को 5-0 से धोया, कारगिल के शहीदों को समर्पित की जीत

​ग्लासगो 2026 राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games) में भारतीय स्टार मुक्केबाज जादुमणि सिंह ने अपना धमाकेदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 55 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। एकतरफा रहे मुकाबले में जादुमणि ने पाकिस्तान के सुमामा रहमान को 5-0 से करारी शिकस्त दी। रिंग में शुरुआत से ही दबदबा बनाते हुए भारतीय मुक्केबाज ने पाकिस्तानी खिलाड़ी को वापसी का एक भी मौका नहीं दिया।

​तीनों राउंड में कायम रखा दबदबा, जजों का एकतरफा फैसला

​जादुमणि ने अपनी बेहतरीन फुटवर्क, सटीक पंचेज और मजबूत डिफेंस के दम पर पूरे मैच में पाकिस्तानी बॉक्सर को छकाए रखा। पाँचों जजों ने सर्वसम्मति से भारतीय मुक्केबाज के पक्ष में फैसला सुनाया। तीन जजों ने 30-27 और दो जजों ने 29-28 से जादुमणि को विजेता करार दिया। इससे पहले अपने शुरुआती मुकाबले में भी उन्होंने स्कॉटलैंड के मुक्केबाज कुलन को 5-0 से हराया था। लगातार दूसरी 5-0 की जीत से जादुमणि ने अपने स्वर्णिम फॉर्म का परिचय दिया है।

​”जीत कारगिल के वीरों को समर्पित”: जादुमणि सिंह

​26 जुलाई को देश भर में मनाए गए कारगिल विजय दिवस के मौके पर मिली इस खास जीत के बाद जादुमणि भावुक नजर आए। मैच के बाद उन्होंने कहा, “मैं अपनी इस जीत को कारगिल युद्ध के शहीद वीरों को समर्पित करता हूँ। पाकिस्तान के खिलाफ यह जीत मेरे लिए बेहद खास है। क्वार्टर फाइनल में मैं और बेहतर खेल दिखाऊँगा और देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने की पूरी कोशिश करूँगा।”

​अब क्वार्टर फाइनल में किससे होगी भिड़ंत?

​सेमीफाइनल और मेडल पक्का करने से अब जादुमणि सिर्फ एक कदम दूर हैं। क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला जाम्बिया और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। यह अहम मुकाबला 28 जुलाई को खेला जाएगा। जिस जबरदस्त आत्मविश्वास के साथ वे रिंग में उतर रहे हैं, उससे पूरे देश को उनसे गोल्ड मेडल की उम्मीदें बंध गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *