राष्ट्रीय

महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामला: मुख्य आरोपी वीरेंद्र कुमार गुप्ता बिहार से गिरफ्तार, भिवंडी पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामला: मुख्य आरोपी वीरेंद्र कुमार गुप्ता बिहार से गिरफ्तार, भिवंडी पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

​भिवंडी (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के बहुचर्चित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक मामले में भिवंडी पुलिस की विशेष टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी वीरेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस की आंखों में धूल झोंककर गिरफ्तारी से बच रहा था।

​गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हवाई मार्ग (फ्लाइट) से पुणे एयरपोर्ट लाया गया, जहां से पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे भिवंडी ले जाया जा रहा है। भिवंडी पुलिस आरोपी को जल्द ही स्थानीय अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी।

​रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी

​जांच एजेंसियों का मानना है कि वीरेंद्र कुमार गुप्ता इस पूरे पेपर लीक सिंडिकेट की एक अहम कड़ी है। उससे कड़ाई से पूछताछ के बाद नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों, आर्थिक लेन-देन और पूरी साजिश के ताने-बाने से जुड़े कई चौकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।

​पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में वीरेंद्र की पत्नी समेत कई अन्य आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। अब मुख्य सरगना की गिरफ्तारी से जांच को एक नई दिशा मिलेगी और नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचना आसान होगा।

​NEET विवाद से भी जुड़ा रहा है नाम

​गौरतलब है कि वीरेंद्र कुमार गुप्ता का नाम देश के कई अन्य चर्चित पेपर लीक मामलों में भी आ चुका है।

​मीडिया स्टिंग ऑपरेशन (2024): वर्ष 2024 के चर्चित नीट (NEET) पेपर लीक विवाद के दौरान एक मीडिया स्टिंग ऑपरेशन में उसने कथित तौर पर परीक्षा सिंडिकेट के काम करने के तरीके और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की सुरक्षा व्यवस्था की कमियों पर कई दावे किए थे।

​भिवंडी पुलिस के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जाएगी और पूरे रैकेट का पर्दाफाश करने के लिए आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *