NEET पेपर लीक: आंदोलन का ‘आप’ ने किया खुला समर्थन, राहुल-प्रियंका का केंद्र पर बड़ा हमला; कहा— “देश में 152 पेपर लीक हुए”
NEET पेपर लीक: आंदोलन का ‘आप’ ने किया खुला समर्थन, राहुल-प्रियंका का केंद्र पर बड़ा हमला; कहा— “देश में 152 पेपर लीक हुए”
NEET परीक्षा धांधली और पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के आंदोलन ने सोमवार को दिल्ली की सड़कों से लेकर संसद तक भारी राजनीतिक रूप ले लिया है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के ‘संसद मार्च’ के दौरान हुए लाठीचार्ज और हंगामे के बाद अब आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के शीर्ष नेता खुलकर छात्रों के समर्थन में उतर आए हैं और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
’आप’ नेताओं का जंतर-मंतर पर जमावड़ा: तीन बड़ी मांगें रखीं
आम आदमी पार्टी (AAP) का पूरा शीर्ष नेतृत्व जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के प्रदर्शन में शामिल हुआ। इस दौरान मनीष सिसोदिया, सांसद संजय सिंह, आतिशी, सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, संजीव झा और अनुराग ढांडा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
लाठीचार्ज की निंदा: मनीष सिसोदिया ने कहा कि जंतर-मंतर पर उमड़ी युवाओं की यह भीड़ इस बात का सबूत है कि देश का युवा अब डर से बाहर आ चुका है। सरकार युवाओं की आवाज दबा नहीं सकती।
संवाद के बजाय बल प्रयोग: सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बात करने के बजाय उन पर लाठियां और आंसू गैस बरसाई गई। उन्होंने CJP से जुड़े अभिजीत दीपके की कथित हिरासत का मुद्दा भी उठाया।
गोपाल राय की तीन शर्तें: ‘आप’ नेता गोपाल राय ने केंद्र सरकार के सामने तुरंत तीन कदम उठाने की मांग रखी:
अभिजीत दीपके को तुरंत रिहा किया जाए।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लिया जाए।
प्रदर्शनकारी छात्रों पर बर्बरता से बल प्रयोग करने वाले पुलिस अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो।
राहुल गांधी का तीखा हमला: “PM मोदी इतिहास के सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री”
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली की सड़कों पर हुई झड़प की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्हें भारत के इतिहास का सबसे “युवा-विरोधी” प्रधानमंत्री करार दिया।
”प्रधानमंत्री इतने युवा-विरोधी हैं कि वे एक नाकाम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तक नहीं ले पा रहे हैं। देश में अब तक 152 पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे करीब 7.5 करोड़ छात्रों का भविष्य अधर में लटका है। इसके बावजूद असली अपराधी और माफिया आजाद घूम रहे हैं, जबकि हक की मांग करने वाले हमारे होनहार बच्चों को सड़कों पर घसीटा और पीटा जा रहा है।”
— राहुल गांधी, नेता प्रतिपक्ष (लोकसभा)
प्रियंका गांधी ने संसद के बाहर और ‘X’ पर घेरा: “यह संसद किसी की निजी संपत्ति नहीं”
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को बेहद शर्मनाक बताया।
हमारे बच्चों पर लाठियां क्यों?: प्रियंका गांधी ने कहा, “जिन बच्चों को पीटा जा रहा है और जिन पर आंसू गैस छोड़ी जा रही है, वे हमारे ही बच्चे हैं और देश का भविष्य हैं। यह संसद उनकी है, किसी की निजी संपत्ति नहीं है।”
संसद में चर्चा से भाग रही सरकार: उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लंबे समय से शिक्षा नीति की कमियों को उठा रहे हैं, लेकिन सरकार इस पर संसद में विस्तृत चर्चा कराने से लगातार कतरा रही है।
पीएम की निगरानी पर सवाल: प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा कि पहले नीट पेपर लीक हुआ, फिर परीक्षा रद्द हुई और री-नीट (Re-NEET) में भी गड़बड़ी की खबरें आईं। जब कहा गया था कि प्रधानमंत्री खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं, तो इसके बावजूद बार-बार इतने बड़े स्तर पर पेपर लीक कैसे हो रहे हैं?
दिल्ली पुलिस ने हिरासत की खबरों को नकारा
एक तरफ जहां सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रंका ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों का पत्र सौंपा और नड्डा ने उन्हें इस पर आंतरिक चर्चा का आश्वासन दिया। वहीं दूसरी तरफ, दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चल रही उन खबरों को पूरी तरह सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके को गिरफ्तार या हिरासत में लेने का दावा किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, दीपके को हिरासत में नहीं लिया गया है।
