‘भोजपुरी बवाल’ से तहलका मचाएंगे पवन सिंह, निरहुआ और तेज प्रताप यादव, इस दिन शुरू होगा नया रियलिटी शो
‘भोजपुरी बवाल’ से तहलका मचाएंगे पवन सिंह, निरहुआ और तेज प्रताप यादव, इस दिन शुरू होगा नया रियलिटी शो
पटना/मुंबई:
भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज सितारे पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी जल्द ही एक मंच पर धमाका करने आ रहे हैं। इस बार वे किसी फिल्म में नहीं, बल्कि एक अनोखे रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में नजर आएंगे। इस शो की सबसे बड़ी यूएसपी (USP) यह है कि इसमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और राजनेता तेज प्रताप यादव भी इन कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर करते दिखाई देंगे। मेकर्स ने शो का धमाकेदार प्रोमो जारी कर दिया है।
डिनर टेबल पर सजेगी मजेदार बहस
जारी किए गए प्रोमो में सभी कलाकार और तेज प्रताप यादव एक साथ डिनर टेबल पर बैठे नजर आ रहे हैं। शुरुआत में तो वे शो की रूपरेखा पर गंभीर चर्चा करते हैं, लेकिन धीरे-धीरे यह बातचीत हंसी-मजाक, तीखी नोकझोंक और मजेदार बहस में बदल जाती है। मेकर्स का उद्देश्य इन सितारों को सिर्फ पर्दे के नायक के रूप में नहीं, बल्कि दर्शकों के सामने एक आम इंसान के रूप में पेश करना है।
”मेरे बारे में कुछ बातें सही थीं, कुछ पूरी तरह गलत” – पवन सिंह
शो को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए पावर स्टार पवन सिंह ने कहा, “पिछले कई सालों में लोगों ने मेरे बारे में बहुत सी बातें सुनी हैं। इनमें कुछ सही थीं, कुछ बढ़ा-चढ़ाकर बताई गईं और कुछ पूरी तरह गलत थीं। यह शो दर्शकों को यह जानने का मौका देगा कि हम असल जिंदगी में कैमरे के पीछे कैसे हैं।”
वहीं, तेज प्रताप यादव ने शो का हिस्सा बनने पर कहा, “बिहार और भोजपुरी क्षेत्र की संस्कृति में एक अलग मिठास और पहचान है। ‘भोजपुरी बवाल’ इसी मिट्टी की भावना को सामने लाता है। इस मंच पर ऐसे लोग साथ आए हैं, जिन्हें दर्शकों ने पहले कभी इस अंदाज में खुलकर बात करते नहीं देखा होगा।” निरहुआ, आम्रपाली और काजल राघवानी ने भी कहा कि यह शो बिना किसी बनावटी ड्रामे के, कलाकारों के असली रिश्तों और बॉन्डिंग को दिखाएगा।
आम रियलिटी शोज़ से होगा बिल्कुल अलग
’भोजपुरी बवाल’ पारंपरिक शोज़ की तरह सिर्फ टास्क या प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें भोजपुरी इंडस्ट्री के इन बड़े सितारों के संघर्ष, उनकी गहरी दोस्ती, आपसी रिश्ते और सुपरस्टारडम के पीछे छिपी चुनौतियों को करीब से दिखाया जाएगा।
कब और कहां देख सकेंगे शो?
भोजपुरी जगत के इस सबसे बड़े एंटरटेनमेंट शो ‘भोजपुरी बवाल’ का प्रीमियर 2 अगस्त से डिजिटल प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार (JioHotstar) और टेलीविजन चैनल कलर्स (Colors) पर किया जाएगा। प्रोमो सामने आने के बाद से ही फैंस इस शो का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
