सूर्यकुमार यादव ने भ्रामक बयानों पर तोड़ी चुप्पी: कप्तानी जाने और वैभव सूर्यवंशी को लेकर सोशल मीडिया पर किया बड़ा खुलासा
सूर्यकुमार यादव ने भ्रामक बयानों पर तोड़ी चुप्पी: कप्तानी जाने और वैभव सूर्यवंशी को लेकर सोशल मीडिया पर किया बड़ा खुलासा
नई दिल्ली: भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान और अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को टी20 विश्व कप 2026 में चैंपियन बनाने वाले स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर एक महत्वपूर्ण पोस्ट साझा की है। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने भारतीय टीम को आगामी सफर के लिए शुभकामनाएं दी हैं, साथ ही इंटरनेट पर उनके नाम से फैलाए जा रहे फर्जी और भ्रामक बयानों का पूरी तरह से खंडन किया है।
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर सूर्यकुमार यादव के नाम से कुछ झूठे बयान वायरल हो रहे थे, जिनमें उनकी टी20 कप्तानी छिनने और युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को लेकर मनगढ़ंत बातें कही गई थीं। सूर्या की इस हालिया पोस्ट के बाद अब इन अफवाहों पर पूरी तरह से विराम लग गया है।
”बिना जांचे-परखे बयानों पर न करें भरोसा” — सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव ने माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर स्थिति साफ करते हुए लिखा:
”मैंने देखा है कि ऑनलाइन एक बयान फैलाया जा रहा है, जो गलत तरीके से मेरे नाम से बताया जा रहा है। मैं यह साफ करना चाहता हूं कि मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है और न ही उसे मंजूरी दी है। कृपया बिना जांची-परखी जानकारी पर विश्वास न करें और उसे साझा न करें।”
उन्होंने आगे अपने खेल और देश के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराते हुए लिखा, “भारतीय क्रिकेट, मेरे साथी और खेल के लिए मेरा सहयोग हमेशा उन शब्दों से ज्यादा जोरदार रहेगा जो गलत तरीके से मेरे नाम से बताए गए हैं।”
युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के लिए लिखा खास संदेश
अपनी पोस्ट में पूर्व कप्तान ने भारतीय टीम का हौसला बढ़ाया और युवा प्रतिभा वैभव सूर्यवंशी के लिए एक बेहद सकारात्मक संदेश साझा किया। सूर्या ने लिखा:
”मैं टीम के लिए बहुत खुश हूं और हमेशा उनके लिए अच्छे की दुआ करता हूं। मुझे पता है कि लड़के अपना सब कुछ दे रहे हैं, और उन्हें हमेशा मेरा पूरा समर्थन रहेगा। वैभव के लिए एक खास बात—तुम एक बहुत ही रोमांचक सफर की शुरुआत में हो। हर पल का आनंद लो और देश को गर्व महसूस कराते रहो।”
हाल ही में कप्तानी से हटाए गए हैं सूर्या
गौरतलब है कि सूर्यकुमार यादव की ही कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रचा था और भारत लगातार दूसरी बार इस फॉर्मेट का वर्ल्ड चैंपियन बना था। हालांकि, विश्व कप के बाद से सूर्यकुमार यादव का निजी प्रदर्शन लंबे समय से निराशाजनक चल रहा था। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी उनका बल्ला शांत रहा और वे बेहद साधारण फॉर्म में नजर आए। लगातार खराब फॉर्म को देखते हुए चयनकर्ताओं ने हाल ही में उन्हें भारतीय टी20 टीम के कप्तान पद से हटाने के साथ-साथ टीम से भी ड्रॉप (बाहर) कर दिया है।
इस बड़े बदलाव के बाद सोशल मीडिया पर उनके नाम का दुरुपयोग कर कप्तानी जाने को लेकर झूठी खबरें फैलाई जा रही थीं, जिस पर अब खुद पूर्व कप्तान ने सामने आकर पूरी सच्चाई बयां कर दी है।
