250 साल का हुआ अमेरिका; स्वतंत्रता दिवस पर फूटे 8.5 लाख पटाखे, बना नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
अंतरराष्ट्रीय न्यूज़: 250 साल का हुआ अमेरिका; स्वतंत्रता दिवस पर फूटे 8.5 लाख पटाखे, बना नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) ने 4 जुलाई 2026 को अपनी आजादी के 250 साल पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक 250वें स्वतंत्रता दिवस (4th of July) का जश्न पूरे देश में बेहद भव्य तरीके से और रिकॉर्ड तोड़ आतिशबाजी के साथ मनाया गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार आजादी के जश्न में 8.5 लाख से ज्यादा पटाखे छोड़े गए, जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘दुनिया का सबसे बड़ा आतिशबाजी शो’ और ‘अब तक का सबसे बेहतरीन शो’ करार दिया है।
’फ्रीडम 250′ प्रोजेक्ट: पेंसिल्वेनिया की कंपनी को मिला जिम्मा
ट्रंप सरकार के विशेष ‘फ्रीडम 250’ प्रोजेक्ट के तहत इस बार आतिशबाजी का जिम्मा पेंसिल्वेनिया की मशहूर कंपनी पायरोटेक्निको (Pyrotecnico) को सौंपा गया था।
भव्य नजारा: कंपनी ने वॉशिंगटन डीसी में लिंकन मेमोरियल और पोटोमैक नदी के आसपास कुल 10 अलग-अलग लोकेशंस (जगहों) से 8.50 लाख से अधिक आतिशबाजी के गोले छोड़े।
अवधि: आसमान को सतरंगी रोशनी से सराबोर कर देने वाला यह आतिशबाजी शो लगभग 40 मिनट तक लगातार चलता रहा।
नया वर्ल्ड रिकॉर्ड: अमेरिकी इतिहास में पहली बार इतने बडे़ स्तर पर आतिशबाजी हुई है। दावा किया जा रहा है कि यह एक नया विश्व रिकॉर्ड है। इससे पहले सबसे बड़ी आतिशबाजी का रिकॉर्ड साल 2016 में फिलीपींस के बोकाउ में बना था, जहां 8.10 लाख से ज्यादा गोले छोड़े गए थे।
कितना आया खर्च? (सेशेल्स देश की GDP से भी ज्यादा का बजट)
सोशल मीडिया पर इस ग्रैंड शो को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। अमेरिकी मीडिया नेटवर्क CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल आधिकारिक तौर पर केवल 20 हजार पटाखे छोड़े गए थे, जबकि इस बार यह संख्या 8.5 लाख रही।
शो का खर्च: अनुमान है कि अकेले वॉशिंगटन डीसी के इस शो पर लगभग 8.50 लाख डॉलर (भारतीय करंसी में 8 करोड़ रुपये से ज्यादा) का खर्च आया है।
अमेरिकियों का सालाना खर्च: capitaloneshopping.com के डेटा के मुताबिक, साल 2024 में अमेरिकियों ने स्वतंत्रता दिवस पर 2.2 अरब डॉलर (लगभग 21 हजार करोड़ रुपये) के पटाखे खरीदे थे।
बनेगा नया रिकॉर्ड: अमेरिकन पाइयोटेक्निक्स एसोसिएशन (APA) की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर जूल हेकमैन के अनुसार, इस साल (2026) आम लोगों द्वारा पटाखों की कुल बिक्री का आंकड़ा 2.5 अरब डॉलर (लगभग 24 हजार करोड़ रुपये) के पार जाने की उम्मीद है। यह रकम दुनिया के छोटे द्वीप देश ‘सेशेल्स’ की कुल जीडीपी ($2.25 अरब) से भी अधिक है।
ट्रंप के चीनी टैरिफ का पटाखों पर असर
अमेरिका में इस्तेमाल होने वाले ज्यादातर पटाखे चीन से आयात किए जाते हैं। ‘द इंडिपेंडेंट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन पर लगे कड़े टैरिफ (आयात शुल्क) के कारण इस बार अमेरिका में पटाखों की कीमतें 30 से 40 फीसदी तक बढ़ गई हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने पहले चीन से आने वाले सामानों पर 145% तक टैरिफ लगाया था, जिसे बाद में घटाकर 30% और वर्तमान में 15% किया गया है, जिसके चलते लागत में बढ़ोतरी देखी गई है।
1777 से चली आ रही है यह ऐतिहासिक परंपरा
अमेरिका में 4 जुलाई को बिना आतिशबाजी के जश्न की कल्पना भी नहीं की जा सकती। यह परंपरा आज की नहीं, बल्कि 249 साल पुरानी है।
पहला जश्न: अमेरिका 4 जुलाई 1776 को आजाद हुआ था और इसके ठीक एक साल बाद, 1777 में फिलाडेल्फिया में पहली बार जमकर आतिशबाजी कर आजादी की पहली वर्षगांठ मनाई गई थी।
संस्थापक की चिट्ठी: अमेरिका के संस्थापक पिताओं (Founding Fathers) में से एक, जॉन एडम्स ने जुलाई 1776 में अपनी पत्नी एबिगेल को एक पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने इच्छा जताई थी कि इस देश की आजादी का जश्न हमेशा पूरे उत्साह, परेड, बोनफायर (अलाव) और जबरदस्त रोशनी (आतिशबाजी) के साथ मनाया जाना चाहिए। तब से लेकर आज तक हर अमेरिकी इस परंपरा को पूरी शिद्दत से निभा रहा है।
