ममता बनर्जी को बड़ा झटका: चंद्रिमा भट्टाचार्य ने TMC के सभी पदों से दिया इस्तीफा
ममता बनर्जी को बड़ा झटका: चंद्रिमा भट्टाचार्य ने TMC के सभी पदों से दिया इस्तीफा
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी को एक बड़ा राजनीतिक झटका लगा है. उनकी बेहद करीबी मानी जाने वाली और बंगाल TMC की प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने ममता बनर्जी को पत्र लिखकर न केवल प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ा, बल्कि पार्टी और उससे जुड़े सभी अन्य दायित्वों से भी खुद को अलग कर लिया है.
संगठनात्मक पदों और जिम्मेदारी से वापस ली सहमति
चंद्रिमा भट्टाचार्य ने अपने इस्तीफे में स्पष्ट किया कि वह 3 जून 2026 को कालीघाट में हुई बैठक के दौरान सौंपे गए ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के राज्य अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रही हैं. इसके साथ ही उन्होंने पार्टी में वर्तमान में संभाल रहे सभी अन्य पदों से भी त्यागपत्र देने की घोषणा की है.
इसके अलावा, उन्होंने दो अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से भी खुद को अलग कर लिया है:
बैंक खातों की जिम्मेदारी: वह ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस और उससे जुड़े अन्य संगठनों के विभिन्न बैंकों में संचालित खातों की अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता (ऑथराइज्ड सिग्नेटरी) के रूप में अपनी जिम्मेदारी वापस ले रही हैं.
चुनाव आयोग में प्रतिनिधित्व: वह अब ममता बनर्जी की ओर से भारत निर्वाचन आयोग के समक्ष अधिकृत प्रतिनिधि (ऑथराइज्ड पर्सन) के रूप में भी कार्य नहीं करेंगी. उन्होंने इस संबंध में दी गई अपनी सहमति वापस ले ली है.
इस्तीफे की वजह का नहीं हुआ खुलासा
चंद्रिमा भट्टाचार्य ने अपने इस्तीफे में किसी भी कारण का जिक्र नहीं किया है. उनके अचानक सभी पदों से हटने के फैसले ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज कर दी है. फिलहाल तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस इस्तीफे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
सियासी हलकों में बढ़ी चर्चाएं
चंद्रिमा भट्टाचार्य को ममता बनर्जी के सबसे भरोसेमंद नेताओं में गिना जाता रहा है. ऐसे में उनका सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस फैसले के पीछे की वजह सामने आने के बाद इसका गहरा असर राज्य की राजनीति पर देखने को मिल सकता है.
