नियुक्ति पत्र सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों के विश्वास का प्रतीक: सीएम पुष्कर सिंह धामी
नियुक्ति पत्र सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों के विश्वास का प्रतीक: सीएम पुष्कर सिंह धामी
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में राज्य के 187 युवाओं को सरकारी सेवा के नियुक्ति पत्र सौंपे. इनमें उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस (PCS) मुख्य परीक्षा-2024 में चयनित 182 अभ्यर्थी और कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक के पद पर चयनित 5 अभ्यर्थी शामिल हैं.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल सरकारी सेवा में प्रवेश का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों के विश्वास, अपेक्षाओं और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक अधिकारी की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसकी कार्यशैली, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण से होगी.
कड़े परिश्रम और अनुशासन का परिणाम है यह सफलता
मुख्यमंत्री ने परीक्षा की गंभीरता का उल्लेख करते हुए बताया कि उत्तराखंड पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के लिए लगभग डेढ़ लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 71 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए थे. इस कड़े मुकाबले में से केवल 182 अभ्यर्थियों का चयन हो पाया है, जो चयनित युवाओं की प्रतिभा, कठिन परिश्रम, अनुशासन और उनके दृढ़ संकल्प का सीधा परिणाम है.
मुख्यमंत्री ने नए अधिकारियों को दिए मूल मंत्र
जनता की सेवा ही सर्वोच्च प्राथमिकता: सीएम धामी ने कहा कि लोकतंत्र में पद का अर्थ शासन करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है. राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण एवं संतुष्टि के मंत्र के साथ कार्य कर रही है.
अंतिम छोर तक पहुंचे लाभ: उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से आह्वान किया कि वे समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ पहुंचाना सुनिश्चित करें.
कार्यालयों में मिले सम्मान: दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले प्रत्येक नागरिक को सरकारी कार्यालयों में सम्मान, विश्वास और समयबद्ध समाधान का अनुभव होना चाहिए.
दबाव मुक्त होकर करें काम: उन्होंने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि ईमानदारी और निष्पक्षता से कार्य करने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी के साथ राज्य सरकार मजबूती से खड़ी रहेगी. सभी बिना किसी दबाव के संविधान, कानून और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए काम करें.
देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लाया रंग
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है. इसके परिणामस्वरूप अब भर्ती परीक्षाओं के प्रति युवाओं का विश्वास बढ़ा है. उन्होंने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने बीते साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं.
’पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी’ बनेगी विकास की शक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के प्रत्येक युवा को उसकी योग्यता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना है ताकि उन्हें रोजगार के लिए राज्य से बाहर जाने के लिए विवश न होना पड़े. सरकार ‘पहाड़ के पानी और पहाड़ की जवानी’ दोनों को उत्तराखंड के विकास की सबसे बड़ी शक्ति बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन को याद करते हुए सीएम धामी ने कहा कि बाबा केदार की पावन भूमि से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया गया है. इस संकल्प को साकार करने में इन नवचयनित अधिकारियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि सरकार नीतियां बनाती है लेकिन उन्हें धरातल पर उतारने का दायित्व इन्हीं अधिकारियों का होता है.
