बाहुबली 3 का इंतजार खत्म! वायरल वीडियो में प्रभास और राणा दग्गुबाती ने दिया फिल्म के तीसरे पार्ट का बड़ा हिंट
बाहुबली 3 का इंतजार खत्म! वायरल वीडियो में प्रभास और राणा दग्गुबाती ने दिया फिल्म के तीसरे पार्ट का बड़ा हिंट
हैदराबाद: दिग्गज निर्देशक एसएस राजामौली की ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी ‘बाहुबली’ ने भारतीय सिनेमा के इतिहास को हमेशा के लिए बदल कर रख दिया था। इस सीरीज के खत्म होने के बाद से ही दुनिया भर के सिनेमा प्रेमी सालों से एक ही सवाल का जवाब ढूंढ रहे थे कि क्या ‘बाहुबली 3′ कभी बनेगी? अब ऐसा लग रहा है कि फैंस का यह लंबा इंतजार बहुत जल्द खत्म होने वाला है, क्योंकि फिल्म के मुख्य कलाकारों ने खुद इसके तीसरे पार्ट को लेकर एक बड़ा हिंट दे दिया है।
वायरल वीडियो से मची हलचल, प्रभास ने किया इशारा
’बाहुबली 3’ को लेकर कयासों का बाजार उस समय अचानक गर्म हो गया, जब ‘बाहुबली: द टॉर्चबियरर’ डॉक्यूमेंट्री का एक छोटा सा वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। इस वीडियो में प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी एक साथ बैठे नजर आ रहे हैं।
इस क्लिप में राणा दग्गुबाती कहते सुनाई दे रहे हैं, “मुझे नहीं पता कि मुझे यह बात सबके सामने कहनी चाहिए या नहीं, लेकिन चूंकि राजामौली और शोबू गारू अभी यहाँ मौजूद नहीं हैं, इसलिए मैं वही कहूंगा जो मेरे दिल में है। दुनिया शायद अभी इसके लिए तैयार नहीं है, लेकिन बाहुबली…।” राणा अपनी बात पूरी किए बिना ही रुक जाते हैं, लेकिन ठीक उसी पल प्रभास मुस्कुराते हुए कैमरे की तरफ अपनी तीन उंगलियां (3) दिखा देते हैं। प्रभास का यह इशारा देखकर अनुष्का शेट्टी समेत वहाँ मौजूद सभी लोग हंसने लगते हैं। सबसे खास बात यह है कि इस क्लिप के अंत में स्क्रीन पर लिखा आता है— ‘एंड द लेगेसी कंटिन्यूज’ (यानी यह विरासत आगे जारी रहेगी)।
इंटरनेट पर आई कमेंट्स की बाढ़, फैंस हुए क्रेजी
इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है। फैंस इसे ‘बाहुबली 3’ का आधिकारिक संकेत मान रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महान फिल्म का तीसरा पार्ट ‘बाहुबली 3’ अब लगभग तय हो चुका है।” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “रोंगटे खड़े कर देने वाला पल! प्रभास की तरफ से बाहुबली 3 का हिंट मिल गया है।” हालांकि, प्रशंसकों की इस भारी दीवानगी के बीच अभी तक मेकर्स या निर्देशक एसएस राजामौली की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच चुकी है फ्रेंचाइजी
इस ऐतिहासिक सफर की शुरुआत साल 2015 में फिल्म ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’ से हुई थी। इसके बाद साल 2017 में आई ‘बाहुबली: द कन्क्लूजन’ ने सफलता के सारे पैमाने ही बदल दिए। करीब ₹1,788 करोड़ के वर्ल्डवाइड कलेक्शन के साथ यह आज भी भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शुमार है। इस फ्रेंचाइजी ने प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी को पैन-इंडिया सुपरस्टार बना दिया था। पिछले साल राजामौली ने इन दोनों फिल्मों को मिलाकर ‘बाहुबली: द एपिक’ नाम से एक ही फिल्म के रूप में भी रिलीज किया था। अब फैंस को इसके तीसरे भाग के ऑफिशियल अनाउंसमेंट का बेसब्री से इंतजार है।
