‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ का टीजर रिलीज, कसाब को सजा दिलाने वाले सरकारी वकील के रोल में छाए राजकुमार राव
‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ का टीजर रिलीज, कसाब को सजा दिलाने वाले सरकारी वकील के रोल में छाए राजकुमार राव
मुंबई: साल 2008 में हुए 26/11 मुंबई आतंकी हमले और उसके बाद चली लंबी कानूनी लड़ाई को एक नए नजरिए से दिखाने के लिए अभिनेता राजकुमार राव अपनी नई फिल्म लेकर आ रहे हैं। मेकर्स ने उनकी आगामी फिल्म ‘प्रहार- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ (Prahaar – The Untold Story of Ujjwal Nikam) का दमदार टीजर रिलीज कर दिया है, जिसने सोशल मीडिया पर आते ही हलचल मचा दी है।
यह फिल्म देश के मशहूर सरकारी वकील उज्ज्वल निकम के जीवन और उनके करियर के सबसे बड़े व चर्चित मुकदमों में से एक— आतंकी अजमल आमिर कसाब के केस पर आधारित है। दिनेश विजान की मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
”कसाब को फांसी क्यों नहीं दे रहे?”— राजकुमार राव के डायलॉग ने खींचा ध्यान
टीजर की शुरुआत राजकुमार राव के बैकशॉट और उनकी दमदार आवाज से होती है, जिसमें वे अदालत जाने के लिए अपना काला कोट पहनते नजर आते हैं। बैकग्राउंड में राजकुमार राव का एक बेहद गंभीर डायलॉग सुनाई देता है— “पिछले डेढ़ साल में इस केस के चलते बहुत बार मुझसे लोगों ने ये सवाल पूछा कि जब फोटो और वीडियो में साफ-साफ दिखाई दे रहा है, तो हम कसाब को फांसी क्यों नहीं दे रहे? क्यों इतना पैसा, इतना समय बर्बाद कर रहे हैं एक आतंकवादी के ऊपर?” इस दमदार नैरेशन के साथ ही स्क्रीन पर 26/11 हमले, अंधाधुंध फायरिंग और अदालत की कार्यवाही के कई गंभीर सीन्स तेजी से दिखाए जाते हैं।
कसाब के खिलाफ चली कानूनी प्रक्रिया पर टिकी है कहानी
टीजर को देखने के बाद साफ है कि फिल्म का मुख्य केंद्र बिंदु अजमल कसाब को कानून के दायरे में लाकर सजा दिलाने और उसके खिलाफ चली जटिल कानूनी प्रक्रिया पर आधारित होगा। इस टीजर की सबसे बड़ी यूएसपी राजकुमार राव का लुक और उनका अभिनय है। उन्होंने खुद को सीनियर एडवर्टाइजर उज्ज्वल निकम के हाव-भाव, पहनावे और बात करने के अंदाज में पूरी तरह ढाल लिया है, जिसकी दर्शक जमकर तारीफ कर रहे हैं।
शानदार स्टार कास्ट और क्रू
फिल्म ‘प्रहार’ का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक अविनाश अरुण ने किया है। फिल्म में राजकुमार राव के अलावा जयदीप अहलावत, वामिका गब्बी, सिकंदर खेर और तरुण शर्मा जैसे प्रतिभावान कलाकार भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। देश की सबसे बड़ी कानूनी जंग और एक वकील के दृढ़ संकल्प को बयां करती यह फिल्म स्वतंत्रता दिवस के हफ्ते में दर्शकों को थियेटर्स में राष्ट्रभक्ति और रोमांच का अनोखा अनुभव देने के लिए तैयार है।
