सिनेमाघरों में भौकाल मचाने आ रही है ‘मिर्जापुर: द मूवी’, धमाकेदार टीजर रिलीज; इस तारीख को बड़े पर्दे पर मचेगी तबाही
सिनेमाघरों में भौकाल मचाने आ रही है ‘मिर्जापुर: द मूवी’, धमाकेदार टीजर रिलीज; इस तारीख को बड़े पर्दे पर मचेगी तबाही
मुंबई: ओटीटी की दुनिया में इतिहास रचने वाली सबसे चर्चित और लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है। मेकर्स ने फैंस का इंतजार खत्म करते हुए ‘मिर्जापुर: द मूवी’ (Mirzapur: The Movie) का धमाकेदार टीजर रिलीज कर दिया है। टीजर को देखकर साफ है कि इस बार पूर्वांचल की यह जंग पहले से कहीं ज्यादा बड़ी, खूंखार और मसालेदार होने वाली है, जहां मुकाबला सिर्फ बदले का नहीं बल्कि पूरे एम्पायर पर राज करने का है।
फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म इसी साल 4 सितंबर को हिंदी और तेलुगु भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
कालीन भैया और गुड्डू भैया के बीच दिखेगी तीखी जंग
टीजर की शुरुआत बेहद शांत लेकिन बेहद गंभीर माहौल से होती है, जहां अखंडानंद त्रिपाठी उर्फ कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी) पूजा करते हुए अपने पुराने और रौबदार अंदाज में नजर आते हैं। वह कहते हैं, “काबिल औलाद बहुत मुश्किल से मिलती है और कभी-कभी मिलती ही नहीं।” कालीन भैया के इस डायलॉग के तुरंत बाद गुड्डू पंडित (अली फजल) की एंट्री होती है, जो पहले से कहीं ज्यादा आक्रामक और खूंखार दिख रहे हैं। टीजर में गुड्डू भैया कहते हैं, “आप हिस्ट्री उठाकर देख लो, जितने भी एम्बीशियस गैंगस्टर रहे हैं, सब टॉप पर पहुंचे हैं।”
मुन्ना भैया की वापसी और जितेंद्र कुमार का बड़ा सरप्राइज
इस टीजर में फैंस के लिए सबसे बड़ा सरप्राइज दिव्येंदु शर्मा यानी सबके चहेते ‘मुन्ना भैया’ की झलक है, जो अपने चिर-परिचित बेखौफ तेवर में दिखाई दे रहे हैं। उनकी मौजूदगी ने टीजर के रोमांच को दोगुना कर दिया है। इसके अलावा ‘पंचायत’ फेम जितेंद्र कुमार की ‘बबलू पंडित’ के किरदार में सरप्राइज एंट्री ने कहानी में एक नया सस्पेंस पैदा कर दिया है। वहीं, अभिनेता रवि किशन भी एक बेहद रहस्यमयी और प्रभावशाली किरदार में नजर आ रहे हैं, जो कहानी में बड़े ट्विस्ट लाएंगे।
पूर्वांचल से आगे बढ़ेगा सत्ता का खेल
टीजर से साफ है कि फिल्म की कहानी केवल मिर्जापुर शहर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सत्ता, पैसा और वर्चस्व की यह जंग इस बार पूर्वांचल की सीमाओं को लांघकर एक बड़े स्तर पर फैलने वाली है। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी मूल कहानी पुनीत कृष्णा द्वारा लिखी गई है।
फिल्म की महा-कास्ट (Star Cast)
बड़े पर्दे पर आ रही इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा और रवि किशन के साथ-साथ श्वेता त्रिपाठी, जितेंद्र कुमार, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा, सोनल चौहान, प्रमोद पाठक और अनंग्शा बिस्वास जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसका निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज के बैनर तले किया गया है।
