Thursday, June 25, 2026
उत्तराखंड

पेपर लीक और भर्ती धांधली को लेकर सरकार पर बरसी कांग्रेस

पेपर लीक और भर्ती धांधली को लेकर सरकार पर बरसी कांग्रेस

​देहरादून: नीट यूजी (NEET-UG) परीक्षा दोबारा आयोजित होने के बाद भी कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर देश और राज्य सरकार पर लगातार हमलावर है। कांग्रेस ने देश भर में नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सरकार पर जमकर निशाना साधा है। इसी कड़ी में देहरादून में जिला कांग्रेस कमेटी ने शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार, पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में हो रहे विलंब को लेकर तीखा विरोध जताया।

​कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार युवाओं के जरूरी सवालों का जवाब देने से लगातार बच रही है, जबकि इस संवेदनशील मुद्दे पर सरकार की सीधी जवाबदेही तय होनी चाहिए थी। नेताओं ने कहा कि साल भर कड़ी मेहनत करने वाले और अपने सुनहरे भविष्य के सपने देखने वाले युवा दिन-रात परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक होने के कारण उनका भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है।

​पेपर लीक से युवा झेल रहे हैं मानसिक तनाव और परेशानी

​कांग्रेस के अनुसार, परीक्षाओं के बार-बार निरस्त होने और भर्ती प्रक्रियाओं में अत्यधिक देरी के चलते देश के युवाओं को भारी मानसिक तनाव और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने कहा कि आज देश भर में नकल माफिया पूरी तरह हावी हैं और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। यही वजह है कि युवाओं का अब सरकारी नौकरियों और देश की परीक्षा प्रणाली से विश्वास लगातार उठता जा रहा है।

​देहरादून की होनहार बेटी की मौत का उठाया मुद्दा

​विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने देहरादून की एक होनहार छात्रा रिया थापा की मौत का विशेष रूप से जिक्र किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एक प्रतिभावान बेटी ने परीक्षा व्यवस्था से उपजे इसी मानसिक तनाव के कारण अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आज हालात ऐसे हो गए हैं कि अपनी योग्यता साबित करने के लिए कड़ी मेहनत करने वाले युवाओं को अपनी पढ़ाई से ज्यादा सिस्टम की विफलताओं और कमियों से लड़ना पड़ रहा है।

​युवाओं के भविष्य के साथ सरासर अन्याय

​कांग्रेस ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह सिर्फ एक प्रशासनिक विफलता नहीं है, बल्कि देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है। जब बार-बार प्रश्न पत्र लीक होते हैं और परीक्षाएं रद्द कर दी जाती हैं, तो युवाओं के मन में यह निराशाजनक भावना पैदा होती है कि उनकी मेहनत और प्रतिभा का इस सिस्टम में कोई मूल्य नहीं रह गया है।

​इससे सरकारी संस्थाओं की साख कमजोर हो रही है और युवाओं का मनोबल टूट रहा है। पार्टी ने घेरा कि एक तरफ प्रदेश की भाजपा सरकार सख्त नकल विरोधी कानून बनाने का दावा करती है और दूसरी तरफ लगातार परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं।

​कमजोर पैरवी के कारण रिहा हो रहे आरोपी: प्रतिमा सिंह

​कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “साल 2017 से लेकर अब तक भाजपा सरकार एक भी ऐसी परीक्षा संपन्न नहीं करा पाई है, जिसमें किसी प्रकार की धांधली या गड़बड़ी न हुई हो।” उन्होंने आरोप लगाया कि इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि पेपर लीक मामलों में शामिल मुख्य आरोपियों के खिलाफ सरकार अदालत में बेहद कमजोर पैरवी करती है, जिसके कारण वे आसानी से रिहा हो जाते हैं और उनके हौसले बुलंद रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *