Wednesday, June 24, 2026
राजनीति

राज्यसभा के 90 फीसदी से ज्यादा सांसद करोड़पति, 14 प्रतिशत अरबपति; एडीआर की रिपोर्ट में बड़े खुलासे

राज्यसभा के 90 फीसदी से ज्यादा सांसद करोड़पति, 14 प्रतिशत अरबपति; एडीआर की रिपोर्ट में बड़े खुलासे

​नई दिल्ली: एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की ताजा रिपोर्ट में देश के उच्च सदन यानी राज्यसभा के सांसदों की संपत्ति और उनके आपराधिक मामलों को लेकर कई बड़े खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, राज्यसभा के 90 फीसदी से ज्यादा सांसद करोड़पति हैं, जबकि 14 फीसदी सांसद अरबपति की श्रेणी में आते हैं। पूरे सदन में सिर्फ 4 सांसद ही ऐसे हैं जिनके पास 20 लाख रुपये से कम की संपत्ति है।

​एडीआर ने यह रिपोर्ट राज्यसभा के मौजूदा 233 सांसदों में से 226 सांसदों के चुनावी हलफनामों के विश्लेषण के आधार पर तैयार की है, जिसमें हाल ही में चुने गए नए सांसद भी शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, सभी 226 राज्यसभा सांसदों की कुल संपत्ति मिलाकर 26,047 करोड़ रुपये है, जबकि प्रति सांसद औसत संपत्ति 115.25 करोड़ रुपये बैठती है।

​आपराधिक मामलों को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े

​रिपोर्ट के मुताबिक, राज्यसभा के 226 में से 69 यानी 31 फीसदी सांसदों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 36 यानी 16 फीसदी सांसदों पर गंभीर आपराधिक मामले हैं, जिनमें 5 साल या उससे ज्यादा की सजा का प्रावधान है।

​सदन के एक सांसद पर हत्या और 4 सांसदों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। इसके अलावा 4 राज्यसभा सांसदों पर महिलाओं के खिलाफ अत्याचार से जुड़े मामले भी दर्ज हैं।

​अगर पार्टीवार बात करें तो बीजेपी के 26 फीसदी, कांग्रेस के 41 फीसदी, तृणमूल कांग्रेस के 22 फीसदी, डीएमके के 25 फीसदी, सपा के 50 फीसदी और टीडीपी के 75 फीसदी सांसदों पर आपराधिक मामले हैं। वहीं बीआरएस और सीपीआई(एम) के सभी तीनों सांसदों पर केस दर्ज हैं। गंभीर मामलों में बीजेपी के 13 फीसदी, कांग्रेस के 28 फीसदी और तृणमूल के 22 फीसदी सांसद शामिल हैं।

​सांसदों की संपत्ति का पूरा गणित

​सदन के 100 सांसदों के पास 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। वहीं 41 सांसदों के पास 5 से 10 करोड़ रुपये और 66 सांसदों के पास 1 से 5 करोड़ रुपये की संपत्ति है। 15 सांसद ऐसे हैं जिनके पास 20 लाख से 1 करोड़ रुपये के बीच संपत्ति है।

​इसके अलावा, 226 में से 31 यानी 14 फीसदी सांसद अरबपति हैं, जिनके पास 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की दौलत है। इनमें बीजेपी के 7, कांग्रेस के 6, वाईएसआरसीपी के 2, टीडीपी के 2, बीआरएस के 2 और एनसीपी के 2 सांसद शामिल हैं।

​ये हैं सबसे अमीर और सबसे कम संपत्ति वाले सांसद

​देश के सबसे अमीर सांसदों की सूची में तेलंगाना का दबदबा है। तेलंगाना के 7 में से 4 सांसद अरबपति हैं और राज्य के सभी सांसदों की कुल संपत्ति 8,310 करोड़ रुपये है।

​तेलंगाना से बीआरएस के सांसद डॉ. बंदी पार्थ सराधी सबसे अमीर राज्यसभा सांसद हैं, जिनके पास 5,300 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। दूसरे नंबर पर पंजाब से बीजेपी सांसद राजिंदर गुप्ता हैं, जिनके पास 5,053 करोड़ रुपये की संपत्ति है। तीसरे नंबर पर कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी हैं, जो 2,558 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं और वे भी तेलंगाना से ही सांसद हैं।

​दूसरी तरफ, सबसे कम संपत्ति वाले सांसदों में पंजाब से आम आदमी पार्टी के सांसद संत बलबीर सिंह शीर्ष पर हैं, जिनके पास सिर्फ 3.79 लाख रुपये की संपत्ति है। दूसरे नंबर पर सीपीआई(एम) के एए रहीम (11.62 लाख रुपये) और तीसरे नंबर पर मध्य प्रदेश से बीजेपी सांसद सुमित्रा वाल्मीक (17.85 लाख रुपये) हैं।

​संपत्ति के साथ कर्ज के मामले में भी आगे हैं ये सांसद

​रिपोर्ट में देनदारी यानी कर्ज के आंकड़े भी सामने आए हैं। झारखंड से निर्दलीय सांसद परिमल नाथवानी के पास 755 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है, लेकिन उनके ऊपर सबसे ज्यादा 256 करोड़ रुपये की देनदारी भी है। नाथवानी हाल ही में एनडीए के समर्थन और क्रॉस वोटिंग के सहारे कांग्रेस उम्मीदवार प्रणय झा को हराकर तीसरी बार राज्यसभा पहुंचे हैं।

​सबसे ज्यादा देनदारी के मामले में दूसरे नंबर पर आंध्र प्रदेश से टीडीपी सांसद बी. रामा कृष्णा हैं। उनके पास 672 करोड़ रुपये की संपत्ति है, लेकिन साथ ही 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज भी है। वहीं, समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन के पास 1,578 करोड़ रुपये की संपत्ति है और उनके ऊपर 149 करोड़ रुपये से ज्यादा की देनदारी बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *