पुणे: लोहागढ़ किले में युवक की मौत हादसा नहीं, मंगेतर और उसके प्रेमी ने मिलकर की थी हत्या; दोनों गिरफ्तार
पुणे: लोहागढ़ किले में युवक की मौत हादसा नहीं, मंगेतर और उसके प्रेमी ने मिलकर की थी हत्या; दोनों गिरफ्तार
पुणे: पुणे के प्रसिद्ध लोहागढ़ किले में 18 जून को हुई 24 वर्षीय केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिसे पहले पैर फिसलने से हुआ हादसा माना जा रहा था, वह असल में एक सुनियोजित हत्या थी। पुलिस ने इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुणे ग्रामीण पुलिस के एसपी संदीप सिंह गिल ने बताया कि टेक्निकल सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और सोशल मीडिया की जांच के बाद इस पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ।
प्वाइंट्स में समझें हत्या की पूरी साजिश:
सगाई और प्रेम प्रसंग: केतन अग्रवाल और सिया गोयल की सगाई फरवरी 2026 में हुई थी। दोनों परिवार पुणे के मार्केट यार्ड इलाके के संपन्न बिजनेसमैन हैं। हालांकि, सिया का पिछले एक साल से चेतन चौधरी नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।
बाली ट्रिप को किया फेल: जून के पहले हफ्ते में केतन और सिया का प्री-वेडिंग शूट के लिए बाली (इंडोनेशिया) जाने का प्लान था। वे मुंबई एयरपोर्ट भी पहुंच गए थे, लेकिन वहां पता चला कि केतन का पासपोर्ट गायब है। जांच में सामने आया कि सिया ने खुद केतन का पासपोर्ट छिपा दिया था ताकि ट्रिप कैंसिल हो जाए।
पहला प्रयास रहा असफल: बाली का प्लान फेल होने के बाद वे मुंबई से सीधे लोहागढ़ किले पहुंचे थे, लेकिन उस दिन वे हत्या की साजिश को अंजाम नहीं दे पाए।
18 जून को वारदात: 18 जून को सिया का प्रेमी चेतन चौधरी दोपहिया वाहन से लोहागढ़ किला पहुंचा। वहीं सिया और केतन भी दोबारा वहां घूमने गए। किले के ऊपर पहुंचने के बाद चेतन और सिया ने मिलकर केतन पर हमला किया और उसे पहाड़ी से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हादसे का रूप देने की कोशिश: वारदात के बाद सिया ने सुबह करीब 10:30 बजे फोन कर केतन के घरवालों को बताया कि उसका पैर फिसल गया है। पुलिस ने शुरुआत में एडीआर (Accidental Death Report) दर्ज की थी, लेकिन केतन के ट्रेकर होने और परिवार के संदेह जताने पर जब गहराई से जांच की गई, तो मामला हत्या का निकला।
”शादी से मना कर देती, जान क्यों ली?” — पीड़ित परिवार का दर्द
केतन के पिता ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और ग्रामीण एसपी संदीप सिंह गिल के सहयोग की सराहना करते हुए आरोपियों के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग की है।
भावुक होते हुए केतन के पिता ने कहा, “अगर वह शादी नहीं करना चाहती थी, तो बस मना कर देती; हम तुरंत सगाई तोड़ देते। उन्होंने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया? किसी के 26 साल के बेटे की जान ले ली। मेरी सरकार से अपील है कि इस मामले की फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई हो और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जाए।”
लोनावाला ग्रामीण पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
