राजनीति

केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया मंजूर

राजनीति समाचार: केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया मंजूर

​नई दिल्ली। अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर संविधान के अनुच्छेद 75 के खंड (2) के तहत, केंद्रीय मंत्रिपरिषद से जॉर्ज कुरियन का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। केरल भाजपा के वरिष्ठ नेता जॉर्ज कुरियन का राज्यसभा सांसद के रूप में कार्यकाल बीते 21 जून को समाप्त हो गया था।

​जॉर्ज कुरियन अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय के साथ-साथ मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में भी केंद्रीय राज्य मंत्री का प्रभार संभाल रहे थे। केंद्र सरकार के मंत्रिपरिषद में कुरियन संभवतः ईसाई समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले एकमात्र मंत्री थे।

​दोबारा राज्यसभा नहीं भेजे जाने के बाद लिया फैसला

​भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों में जॉर्ज कुरियन को दोबारा अपना उम्मीदवार न बनाने का फैसला किया था, जिसके संकेत पार्टी ने पहले ही दे दिए थे। राज्यसभा का कार्यकाल समाप्त होने और पार्टी द्वारा दोबारा मौका न दिए जाने के चलते नियमों के मुताबिक उन्होंने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से अपना त्यागपत्र प्रधानमंत्री को सौंप दिया था।

​गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए राज्यसभा चुनावों में केंद्र सरकार के दो मंत्रियों—रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कुरियन को भाजपा द्वारा दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया गया था। इसके बाद से ही मंत्रिमंडल में इस सांगठनिक बदलाव की उम्मीद जताई जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *