राष्ट्रीय

विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में भीषण हादसा: खौलता हुआ लिक्विड स्टील गिरने से 9 मजदूरों की मौत, 11 घायल

विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में भीषण हादसा: खौलता हुआ लिक्विड स्टील गिरने से 9 मजदूरों की मौत, 11 घायल

​विशाखापत्तनम: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्टील प्लांट से एक बेहद दर्दनाक और बड़ा हादसा सामने आया है। सोमवार 8 जून की शाम करीब 4.15 बजे भारी मात्रा में खौलता हुआ लिक्विड स्टील (पिघला हुआ लोहा) अचानक नीचे गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में 9 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तुरंत इलाज के लिए विशाखापत्तनम स्टील प्लांट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां कुछ की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

​शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह हादसा स्टील प्लांट के एसएमएस-2 (SMS-2) और एसटीसी-3 (STC-3) हीट एफजी विभाग में हुआ। उस समय क्रेन के जरिए खौलते हुए लिक्विड स्टील को ऊपर उठाया जा रहा था।

​1500 डिग्री सेल्सियस पर उबल रहा था मेटल, लैडल हिलने से हुआ हादसा

​बताया जा रहा है कि लगभग 1,500 डिग्री सेल्सियस के अत्यधिक ऊंचे तापमान पर उबल रहे इस मेटल लिक्विड का लैडल (बड़ा पात्र) अचानक अनियंत्रित होकर हिल गया। इसके चलते खौलता हुआ गर्म स्टील वहां नीचे काम कर रहे मजदूरों पर जा गिरा। स्टील लिक्विड के गिरते ही पूरी फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

​हादसे में जान गंवाने वाले 7 मृतकों की पहचान अप्पाराव, प्रभाकर राव, कृष्णा, रमना, त्रिनाथ, अप्पालाराजू और कुमार के रूप में हुई है, जबकि दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

​प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

​प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशाखापत्तनम स्टील प्लांट की इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि (मुआवजा) देने की घोषणा की।

​पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा: “विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए हादसे से दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। प्रार्थना है कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। स्थानीय अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दे रहे हैं।”

​उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए ‘X’ पर पोस्ट किया, “विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए हादसे में लोगों की मौत से बहुत दुख हुआ। दुखी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।”

​राज्य सरकार अलर्ट, गृह मंत्री विशाखापत्तनम के लिए रवाना

​आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के बेहतर से बेहतर इलाज और सभी संबंधित विभागों को मिलकर राहत कार्य चलाने के सख्त आदेश दिए हैं। केंद्रीय मंत्री भूपति राजू श्रीनिवास वर्मा ने भी प्लांट प्रबंधन से बात कर हादसे की विस्तृत जानकारी ली है।

​राज्य की गृह मंत्री वंगलापुड़ी अनीता ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही वह स्थिति का जायजा लेने के लिए खुद विशाखापत्तनम के लिए रवाना हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *