Saturday, September 12, 2026
Latest:
उत्तराखंड

उत्तरकाशी के मानपुर गांव में शराबबंदी: ग्रामीणों का बड़ा फैसला, उल्लंघन पर 21 हजार जुर्माना और सामाजिक बहिष्कार!

उत्तरकाशी के मानपुर गांव में शराबबंदी: ग्रामीणों का बड़ा फैसला, उल्लंघन पर 21 हजार जुर्माना और सामाजिक बहिष्कार!

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के भटवाड़ी तहसील क्षेत्र में ग्रामीण अब नशे के खिलाफ जागरुक हो रहे हैं। इसी कड़ी में मानपुर गांव के ग्रामीणों ने एक सराहनीय कदम उठाया है। बीते सोमवार को ग्राम प्रधान शंकर प्रसाद भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित खुली ग्राम सभा बैठक में सर्वसम्मति से गांव को नशामुक्त बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में शराब की बिक्री, भंडारण और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया, खासकर मांगलिक और वैवाहिक कार्यक्रमों में।

प्रस्ताव की मुख्य बातें:

ग्राम पंचायत मानपुर क्षेत्र में शराब का किसी भी रूप में इस्तेमाल प्रतिबंधित।

उल्लंघन करने वाले पर 21,000 रुपये तक का जुर्माना।

नियम तोड़ने वालों का ग्राम सभा द्वारा सामाजिक बहिष्कार – कोई भी उनके समारोह में शामिल नहीं होगा।

शराब से होने वाली सामाजिक, पारिवारिक और आर्थिक समस्याओं पर गहन चर्चा के बाद यह फैसला।

क्षेत्र पंचायत सदस्य संजय कोहली ने बताया कि सभी ग्रामीणों ने संयुक्त हस्ताक्षर से प्रस्ताव पारित किया। बैठक में महिला मंगल दल, युवक मंगल दल के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उन्होंने कहा, “शराब से परिवार बर्बाद हो रहे हैं, युवा बर्बाद हो रहे हैं। गांव को शांत, स्वस्थ और विकसित बनाने के लिए यह जरूरी कदम है।”

यह पहल उत्तराखंड के कई ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे शराबबंदी अभियान का हिस्सा है। ग्रामीणों का मानना है कि नशामुक्त गांव से स्वास्थ्य बेहतर होगा, पारिवारिक सुख-शांति बढ़ेगी और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। अन्य गांवों के लिए यह एक मिसाल बन सकता है। प्रशासन से भी उम्मीद है कि ऐसे प्रस्तावों को कानूनी समर्थन मिले। मानपुर गांव के इस फैसले की चारों तरफ तारीफ हो रही है – नशे के खिलाफ एक मजबूत आवाज!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *