Thursday, June 25, 2026
मनोरंजन

‘धुरंधर’ के जवाब में पाकिस्तान ने घोषित की फिल्म ‘मेरा ल्यारी’, ल्यारी की ‘सच्ची तस्वीर’ दिखाने का दावा

‘धुरंधर’ के जवाब में पाकिस्तान ने घोषित की फिल्म ‘मेरा ल्यारी’, ल्यारी की ‘सच्ची तस्वीर’ दिखाने का दावा

कराची, 16 दिसंबर 2025: बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर में कराची के ल्यारी इलाके को गैंगवार, अपराध और हिंसा के केंद्र के रूप में दिखाए जाने से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। फिल्म की जबरदस्त सफलता और ल्यारी के नकारात्मक चित्रण को “भारतीय प्रोपेगैंडा” करार देते हुए सिंध प्रांत की सरकार ने जवाबी फिल्म मेरा ल्यारी की घोषणा की है।

सिंध के सूचना मंत्री शरजील इनाम मेमन ने सोशल मीडिया पर फिल्म के पोस्टर्स शेयर करते हुए कहा, “भारतीय फिल्म धुरंधर भारतीय फिल्म इंडस्ट्री द्वारा पाकिस्तान, खासकर ल्यारी के खिलाफ नेगेटिव प्रोपेगैंडा का एक और उदाहरण है। ल्यारी हिंसा नहीं, बल्कि संस्कृति, शांति, प्रतिभा और लचीलापन का प्रतीक है। जनवरी 2026 में मेरा ल्यारी रिलीज होगी, जो ल्यारी का असली चेहरा दिखाएगी – शांति, समृद्धि और गौरव।”

धुरंधर में रणवीर सिंह का किरदार ल्यारी के गैंगस्टरों के बीच घुसपैठ करता है, जबकि अक्षये खन्ना रहमान डकैत जैसे रियल-लाइफ गैंगस्टर की भूमिका निभाते हैं। फिल्म असली घटनाओं से प्रेरित है और ल्यारी को 1999-2009 के दौर में अपराध और आतंक का केंद्र दिखाती है।

वास्तविक ल्यारी कराची का पुराना और घनी आबादी वाला इलाका है, जो कभी गैंगवार के लिए कुख्यात रहा, लेकिन अब शांति की ओर बढ़ रहा है।

यह मामला अब एक तरह का ‘सिनेमाई नैरेटिव वॉर’ बन गया है। जहां धुरंधर भारत और विदेशों में रिकॉर्ड तोड़ रही है, वहीं पाकिस्तान अपनी इमेज सुधारने की कोशिश में जुटा है। देखना यह है कि ‘मेरा ल्यारी’ कितना असर डाल पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *