अन्तर्राष्ट्रीय

भारत-जॉर्डन संबंधों में नई उड़ान: पीएम मोदी ने प्रस्तावित किया 5 साल में व्यापार दोगुना कर 5 अरब डॉलर करने का लक्ष्य

भारत-जॉर्डन संबंधों में नई उड़ान: पीएम मोदी ने प्रस्तावित किया 5 साल में व्यापार दोगुना कर 5 अरब डॉलर करने का लक्ष्य

अम्मान, 16 दिसंबर 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जॉर्डन यात्रा ने दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती दी। जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय के साथ अल हुसैनिया पैलेस में द्विपक्षीय बैठक के दौरान पीएम मोदी ने बड़ा प्रस्ताव रखा – अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को मौजूदा 2.8 अरब अमेरिकी डॉलर से दोगुना कर 5 अरब डॉलर तक पहुंचाने का। यह प्रस्ताव भारत-जॉर्डन बिजनेस फोरम में भी दोहराया गया, जहां दोनों नेताओं ने कारोबारी प्रतिनिधियों को संबोधित किया।

भारत जॉर्डन का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। मुख्य रूप से उर्वरक (फॉस्फेट्स), डिजिटल पेमेंट और कृषि क्षेत्र में सहयोग पर जोर दिया गया। पीएम मोदी ने UPI को जॉर्डन के डिजिटल सिस्टम से जोड़ने की संभावना जताई। किंग अब्दुल्ला ने कहा कि जॉर्डन के फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स और भारत की आर्थिक ताकत से दक्षिण एशिया से पश्चिम एशिया तक इकोनॉमिक कॉरिडोर बन सकता है।

बैठक में आतंकवाद पर भी गहन चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने आतंकवाद, उग्रवाद और कट्टरपंथ के खिलाफ एकजुट रुख दोहराया। पीएम मोदी ने किंग की वैश्विक भूमिका की सराहना की, जबकि किंग ने भारत की आतंकवाद विरोधी लड़ाई का समर्थन किया। क्षेत्रीय शांति, खासकर गाजा मुद्दे पर विचार साझा किए गए।

यात्रा के दौरान पांच महत्वपूर्ण MoU पर हस्ताक्षर हुए: नवीकरणीय ऊर्जा, जल संसाधन प्रबंधन, पेट्रा-एलोरा ट्विनिंग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम (2025-29) और डिजिटल सॉल्यूशंस में सहयोग। क्राउन प्रिंस हुसैन बिन अब्दुल्ला ने विशेष GESTURE में पीएम को जॉर्डन म्यूजियम तक ड्राइव किया।

यह यात्रा दोनों देशों के 75 वर्षों के कूटनीतिक संबंधों के मील का पत्थर है। पीएम मोदी ने इसे संबंधों में ‘सार्थक विस्तार’ बताया, जो व्यापार, सुरक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई ऊंचाई देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *