छठ पर फडणवीस की कुछ ऐसी है तैयारी! मुंबई में घाटों पर किए गए ये खास इंतजाम
छठ पर फडणवीस की कुछ ऐसी है तैयारी! मुंबई में घाटों पर किए गए ये खास इंतजाम
आस्था के महापर्व छठ महोत्सव की शुरुआत आज नहाय-खाय से हो चुकी है, और मुंबई में भी लाखों श्रद्धालु सूर्य देव व छठी मैया की पूजा में डूबे हुए हैं। बीएमसी चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार ने उत्तर भारतीय वोट बैंक को साधने के लिए घाटों पर भव्य इंतजाम किए हैं। शहर और उपनगरों में कुल 40 घाटों पर पूजा का आयोजन हो रहा है, जिसे जरूरत पड़ने पर 60 तक बढ़ाया जा सकता है। फडणवीस ने खुद निर्देश दिए हैं कि त्योहार उल्लासपूर्वक मनाया जाए और श्रद्धालुओं को हर सुविधा मुहैया हो।
मुंबई उपनगर के सह-पालकमंत्री मंगलप्रभात लोढा और भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने शुक्रवार को बीएमसी मुख्यालय में पूजा आयोजकों के साथ बैठक की और जांबोरी मैदान व वर्ली जैसे प्रमुख घाटों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। लोढा ने अपर्याप्त सुविधाओं पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। इसके तहत घाटों पर पीने का साफ पानी, उज्ज्वल प्रकाश व्यवस्था, पूजा के लिए टेबल-कुर्सियां, वाहन यातायात नियंत्रण, साफ-सुथरे शौचालय और खासकर महिला व्रतियों के लिए पूजा के बाद कपड़े बदलने हेतु अलग-अलग कमरे बनाए गए हैं। लोढा ने कहा, “मुख्यमंत्री फडणवीस के मार्गदर्शन में छठ को भव्य रूप से मनाया जाएगा। कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।”
परिवहन के लिहाज से भी खास इंतजाम किए गए हैं। छठ पूजा के दौरान मेट्रो सेवाएं आज देर रात तक चलेगी, जबकि बीएसटी बसें रात 12 बजे तक संचालित रहेंगी। भारतीय रेलवे ने भी 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है, ताकि बिहार-यूपी से आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने 55 पूजा समितियों के साथ समन्वय बैठक की है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त परमजीत कुमार दहिया ने बताया कि घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ड्रोन से निगरानी होगी और भीड़ प्रबंधन के लिए 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
यह आयोजन बीएमसी चुनाव के सियासी रंग में रंगा नजर आ रहा है। भाजपा उत्तर भारतीय मतदाताओं को लुभाने के लिए जुट गई है, वहीं शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता एकनाथ शिंदे कांदिवली में मुख्य अतिथि बनकर संवाद साधेंगे। कांग्रेस भी पीछे नहीं है और अपने घाटों पर समानांतर आयोजन कर रही है। उत्तर भारतीय जनता परिषद के महाराष्ट्र अध्यक्ष संजय पांडे ने कहा, “यह पर्व हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है। सरकार की ये तैयारियां सराहनीय हैं।”
छठ महापर्व 28 अक्टूबर को उषा अर्घ्य के साथ संपन्न होगा। फडणवीस सरकार की ये महातैयारी न केवल आस्था को मजबूत करेगी, बल्कि शहर की एकजुटता का प्रतीक बनेगी। क्या यह चुनावी समीकरण बदल देगी?
