राजनीति

बिहार चुनाव: मुस्लिम डिप्टी CM के सवाल पर मुकेश सहनी का तीखा प्रहार, BJP को ललकारा- ‘शाहनवाज हुसैन की चिंता करो, हमारी नहीं’

बिहार चुनाव: मुस्लिम डिप्टी CM के सवाल पर मुकेश सहनी का तीखा प्रहार, BJP को ललकारा- ‘शाहनवाज हुसैन की चिंता करो, हमारी नहीं’

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) प्रमुख मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम फेस घोषित करने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस घोषणा पर सबसे बड़ा सवाल उठा मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधित्व का, जो बिहार की 18% आबादी होने के बावजूद डिप्टी सीएम पद से वंचित दिख रहा है। इस सवाल के घेरे में आते ही मुकेश सहनी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और कहा कि भाजपा को महागठबंधन की चिंता करने की बजाय अपने नेता शाहनवाज हुसैन की फिक्र करनी चाहिए।

शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में सहनी ने कहा, “भाजपा को इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। वे अपने शाहनवाज हुसैन की चिंता करें। अगर एक केवट-मल्लाह का बेटा डिप्टी सीएम बन जाए तो उन्हें इतनी तकलीफ क्यों हो रही है? भाजपा को दर्द इस बात का है कि एक गरीब, पिछड़े का बेटा कैसे राज्य का डिप्टी सीएम बन सकता है।” उन्होंने आगे जोड़ा, “जी बिल्कुल, अगर कोई कहेगा तो मुझे अच्छा लगेगा। हम कभी कल्पना भी नहीं कर सकते थे कि एक अति पिछड़ा मुल्ला का बेटा डिप्टी चीफ मिनिस्टर का कैंडिडेट हो सकता है। यह हमारा संघर्ष है।”

यह बयान महागठबंधन की रणनीति पर सवालों के बीच आया है, जहां तेजस्वी यादव ने स्पष्ट किया कि सरकार बनने पर एक से ज्यादा डिप्टी सीएम होंगे। सहनी ने मुस्लिम समुदाय को इग्नोर करने के आरोपों पर कहा, “महागठबंधन में सबको हिस्सेदारी मिलेगी। मुस्लिम भाइयों को नया कुछ नहीं चाहिए, बस भाईचारे का माहौल चाहिए। नफरत फैलाने वालों को सत्ता से बाहर करना उनकी प्राथमिकता है।” विपक्षी दलों ने इसे ‘झुनझुना’ बताते हुए तंज कसा कि 2% मल्लाह समाज को डिप्टी सीएम मिला, लेकिन 18% मुस्लिम को क्या?

कांग्रेस नेता अशोक गहलोत की मध्यस्थता से बने इस समझौते के बाद सहनी ने कहा, “हमारी मेहनत रंग लाई। डिप्टी सीएम का चेहरा बनना हमारा हक है।” भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने पलटवार किया कि “सहनी खुद चुनाव नहीं लड़ रहे, तो डिप्टी सीएम बनने का सवाल ही नहीं।” वहीं, तेजस्वी ने कहा, “मैं मुस्लिम भाइयों को कभी निराश नहीं होने दूंगा।”

यह विवाद बिहार चुनाव के समीकरण को और गर्म कर रहा है, जहां महागठबंधन 42% वोट बैंक (यादव-मुस्लिम-मल्लाह) को साधने की कोशिश में जुटा है। सहनी का बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जहां फैंस इसे ‘बेबाकी’ बता रहे हैं। क्या यह मुस्लिम वोटों को एकजुट कर पाएगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *