MP के बैतूल में मुस्लिम युवाओं ने प्रेमानंद महाराज की तस्वीरें सीने से लगाईं, दरगाह पर चढ़ाई चादर
MP के बैतूल में मुस्लिम युवाओं ने प्रेमानंद महाराज की तस्वीरें सीने से लगाईं, दरगाह पर चढ़ाई चादर
वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य लाभ के लिए देशभर में प्रार्थनाओं का सिलसिला जारी है। मध्य प्रदेश के बैतूल में मुस्लिम समाज ने इंसानियत की अनोखी मिसाल पेश की। गुरुवार को मुस्लिम युवाओं ने प्रेमानंद महाराज की तस्वीरें सीने से लगाकर पहलवान बाबा की दरगाह पहुंचे और चादर चढ़ाकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ व दीर्घायु की दुआ मांगी। यह घटना सांप्रदायिक सद्भाव की जीवंत मिसाल बन गई है, जहां धर्म की सीमाओं से परे मानवीय संवेदना ने सबको जोड़ दिया।
पिछले कुछ दिनों से प्रेमानंद महाराज अस्वस्थ चल रहे हैं, जिसकी खबर फैलते ही उनके लाखों भक्त चिंतित हो गए। वृंदावन आश्रम ने भी अपील की है कि पुरानी तस्वीरें या वीडियो न वायरल करें। इसी क्रम में बैतूल के मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने पहलवान बाबा की दरगाह पर कुरान की तिलावत की। उनके हाथों में महाराज की तस्वीरें थीं, जिन्हें सीने से लगाए वे दुआ मांगते नजर आए। एक युवा ने कहा, “प्रेमानंद महाराज जैसे संत समाज को जोड़ते हैं। वे हर धर्म का सम्मान करते हैं, इसलिए हम उनके लिए दुआ करने आए।” दरगाह पर चादरपोशी के बाद फूल माला अर्पित की गई और सभी ने एकजुट होकर प्रार्थना की।
यह पहला मौका नहीं है जब मुस्लिम समुदाय ने महाराज के लिए ऐसा कदम उठाया। सऊदी अरब के मदीना से एक मुस्लिम युवक सूफियान इलाहाबादी ने दुआ मांगी, जिसका वीडियो वायरल हो गया। प्रयागराज के सूफियान ने कहा, “यह हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक है।”अजमेर शरीफ दरगाह में भी फाउंडेशन सदस्यों ने चादर चढ़ाई। लखनऊ की दादा मियां दरगाह पर सपा नेता मोहम्मद अखलाक ने तस्वीर लेकर दुआ मांगी और कहा, “कौन हिंदू कौन मुसलमान? महाराज समाज को जोड़ने वाले हैं।” कटनी में पीर बाबा दरगाह पर अरशद मंसूरी समेत युवाओं ने चादर चढ़ाई।
प्रेमानंद महाराज राधावल्लभी संप्रदाय के प्रमुख हैं, जिनकी भक्ति भजनों और प्रवचनों से लाखों लोग जुड़े हैं। वे हमेशा गंगा-जमुनी तहजीब की बात करते हैं। बैतूल की यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जहां #PrayForPremanandMaharaj ट्रेंड कर रहा। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी पहलें नफरत की खाई को पाटती हैं। मुस्लिम समुदाय के सदस्य सारिक खान ने कहा, “इंसानियत सभी धर्मों से ऊपर है। महाराज के ठीक होने से समाज मजबूत होगा।”
आश्रम से मिली जानकारी के अनुसार, महाराज की हालत स्थिर है, लेकिन पूर्ण स्वस्थता में समय लगेगा। देशभर से दुआओं का सैलाब उमड़ रहा है। यह घटना एकता का संदेश देती है- जब संकट आता है, तो धर्म भूलकर इंसानियत याद आ जाती है।
