फिरोजाबाद में निर्माणाधीन रेलवे पुल का हिस्सा गिरा, कई मजदूर मलबे में दबे, राहत और बचाव कार्य जारी
यूपी में लगातार हो रहे धमाकों के बीच बड़ा हादसा हुआ है। फिरोजाबाद के टूंडला में दिल्ली हावड़ा रेलवे लाइन पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज अचानक गुरुवार की देर रात गिर गया। ओवरब्रिज को बनाने में लगे तमाम मजदूर मलबे के नीचे दब गए। चीख पुकार मचने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया गया। जेसीबी की मदद से मलबे को हटाकर एक दर्जन मजदूरों को निकाला गया। इनमें कई गंभीर थे। इन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। पिछले एक हफ्ते में यूपी में कई धमाके हुए हैं। पहले फर्रुखाबाद में कोचिंग सेंटर में विस्फोट हुआ और दो छात्रों की मौत हो गई। इसके बाद अयोध्या और कानपुर में धमाके हुए। अयोध्या में तो गुरुवार की शाम ही एक बार फिर धमाका हुआ और पांच लोगों की मौत हो गई।
फिरोजाबाद में हुए हादसे को लेकर बताया जाता है कि टूंडला में रेलवे स्टेशन के बाहर पश्चिमी गेट पर नया ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। लाइनपार का अहाता शोभाराम से लेकर रेलवे के रेस्ट कैंप कालोनी के हिस्से को आपस में जोड़ा जा रहा है। लिंटर का काम चल रहा था और शटरिंग लगाई गई थी। इसी बीच गुरुवार की देर शाम अचानक ओवरब्रिज को बनाने के लिए जुटे मजदूरों के साथ एक हिस्सा नीचे गिर गया। ओवरब्रिज का हिस्सा गिरते ही चीख पुकार मची और लोग हादसे वाले स्थान की ओर दौड़ पड़े।
घटना के बाद जहां ठेकेदार गायब हो गया तो वहीं पुलिस और आसपास के लोगों ने जेसीबी की मदद से बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे के समय करीब 16 से 18 मजदूर काम कर रहे थे और करीब 12 मजदूर अचानक इसके गिरने वाले हिस्से के नीचे आकर दब गए। इन सभी मजदूरों को निकाला गया और फिर गंभीर घायल मजदूरों को तत्काल एफएच मेडिकल कालेज एंबुलेंसों से भिजवाया गया।
दीपा चौराहा से पूर्वी गेट के लिए जाने वाले रेलवे यात्रियों का रूट डायवर्ट कर दिया है। उनको अंडर ब्रिज के नीचे से लाइनपार क्षेत्र के लिए भेजा जा रहा है। जहां पर हादसा हुआ है उस पूर्वी गेट से आमजन का आवागमन फिलहाल रोक दिया गया है। डीएम रमेश रंजन, एसएसपी सौरभ दीक्षित, एडीएम विशु राजा, एसडीएम अंकित वर्मा, रेलवे के डिप्टी सीटीएम अमित आनन्द और अन्य रेलवे के सभी अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी के अनुसार हादसा रात लगभग नौ बजे हुआ है। पांच मजदूरों को नजदीकी अस्पताल और जिला अस्पताल भेजा गया है। मजदूरों को सभी संभावित सहायता पहुंचाई जा रही है। हादसे से रेल यातायात पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। हादसे का शिकार होने वालों को नियमानुसार मुआवजे का इंतजाम किया जा रहा है।
