मनोरंजनराष्ट्रीय

सोना तस्करी मामला: रान्या राव पर DRI का बड़ा एक्शन, लगा 102 करोड़ रुपये का जुर्माना

बेंगलुरु: कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री रान्या राव पर गोल्ड स्मगलिंग केस में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने बड़ा शिकंजा कसा है। मंगलवार को DRI ने रान्या पर 102.55 करोड़ रुपये का भारी जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई 127.3 किलोग्राम सोने की तस्करी के मामले में की गई है। रान्या सहित चारों आरोपी बेंगलुरु सेंट्रल जेल में बंद हैं, जहां DRI अधिकारियों ने उन्हें 2,500 पेज का नोटिस सौंपा। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि जुर्माना न चुकाने पर उनकी संपत्ति जब्त की जा सकती है।

रान्या को 3 मार्च को दुबई से लौटते समय बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 14.8 किलोग्राम सोना तस्करी करते पकड़ा गया था। शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ कि 2023 से 2025 की शुरुआत तक रान्या ने दुबई की 52 यात्राएं कीं और पुलिस एस्कॉर्ट का फायदा उठाकर कस्टम चेकिंग से बचने की कोशिश की। वह वरिष्ठ IPS अधिकारी डॉ. के. रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं, जिन्हें मामले के बाद छुट्टी पर भेजा गया था, हालांकि बाद में इसे रद्द कर दिया गया। रान्या के घर पर छापे में 2 करोड़ रुपये के गोल्ड ज्वेलरी और 2.67 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए। ED की जांच में पता चला कि सोना दुबई, युगांडा आदि जगहों से हवाला के जरिए खरीदा गया और फर्जी कस्टम डिक्लेरेशन के साथ भारत लाया गया।

DRI ने अन्य आरोपियों पर भी जुर्माना लगाया है। होटल व्यवसायी तरुण कोंडाराजू पर 62-63 करोड़, जबकि ज्वेलर्स साहिल जैन और भरत जैन पर प्रत्येक पर 53-56 करोड़ रुपये का जुर्माना ठोका गया। कुल मिलाकर चारों पर 270 करोड़ से अधिक का बोझ पड़ा है। रान्या ने DRI हिरासत में थप्पड़ मारे जाने, भूखा-प्यासा रखने और ब्लैंक पेज साइन कराने के आरोप लगाए हैं। उनके पति जतिन हुककेरी ने कोर्ट में गिरफ्तारी से छूट मांगी, दावा किया कि शादी के एक महीने बाद ही वे अलग हो गए थे। कर्नाटक हाईकोर्ट ने उन्हें अस्थायी राहत दी है।

COFEPOSA एक्ट के तहत रान्या को जुलाई में एक साल की सजा सुनाई गई थी, जिसके खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका लंबित है। अगली सुनवाई 11 सितंबर को होगी। DRI ने फास्ट-ट्रैक जांच पूरी कर वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह मामला साउथ इंडिया में बड़े स्मगलिंग नेटवर्क का पर्दाफाश कर सकता है। रान्या की ED ने 37 करोड़ की संपत्ति जब्त कर ली है। यह केस न केवल बॉलीवुड-साउथ सिनेमा को हिला रहा है, बल्कि तस्करी के अंतरराष्ट्रीय चक्र को भी उजागर कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *