बर्ड फ्लू के खिलाफ भारत की पहली स्वदेशी वैक्सीन जल्द होगी लॉन्च, पोल्ट्री सेक्टर को बड़ी राहत
बर्ड फ्लू के खिलाफ भारत की पहली स्वदेशी वैक्सीन जल्द होगी लॉन्च, पोल्ट्री सेक्टर को बड़ी राहत
केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को पोल्ट्री (मुर्गी पालन) के लिए भारत की पहली ‘स्वदेशी इनएक्टिवेटेड एच5एन1 हाईली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लूएंजा (एचपीएआई) वायरस वैक्सीन’ लॉन्च करेंगे। भोपाल स्थित आईसीएआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिसीज (आईसीएआर-एनआईएचएसएडी) द्वारा विकसित यह वैक्सीन बर्ड फ्लू के खिलाफ लड़ाई और पोल्ट्री सेक्टर में बीमारी की रोकथाम को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है।
बर्ड फ्लू से आर्थिक और स्वास्थ्य जोखिम
एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) मुर्गियों व पक्षियों के लिए घातक है, जिससे पूरे झुंड के खत्म होने, व्यापार प्रतिबंधों और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का खतरा रहता है। वर्ष 2006 के बाद से भारत में एच5एन1 और एच5एन8 के 500 से अधिक प्रकोप सामने आ चुके हैं। सरकारी अनुमान के मुताबिक, बड़े प्रकोप से देश की 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी खतरे में पड़ सकती है और जीडीपी वृद्धि में 1.5 प्रतिशत तक की गिरावट आ सकती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, 2003 से अब तक 25 देशों में एच5एन1 के 1,003 मानव मामले और 479 मौतें दर्ज की गई हैं।
क्यों खास है यह स्वदेशी वैक्सीन?
अध्ययनों के अनुसार, मुर्गियों में अधिकांश प्रकोपों के लिए ‘एच5एन1 क्लेड 2.3.2.1ए स्ट्रेन’ जिम्मेदार रहा है, जिसके खिलाफ अभी तक कोई विशेष कमर्शियल वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। हाल के समय में स्तनधारियों और इंसानों में भी संक्रमण के मामले दिखे हैं। आईसीएआर-एनआईएचएसएडी की यह स्वदेशी वैक्सीन मुर्गियों को इस स्ट्रेन से सुरक्षा देगी, जिससे किसानों का नुकसान घटेगा और वायरस का अन्य जानवरों व इंसानों में प्रसार रोकने में मदद मिलेगी।

